Himachal Weather: हिमाचल में बारिश व भूस्खलन से 121 सड़कें ठप, सप्ताहभर कैसा रहेगा मौसम?
हिमाचल में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की संभावना कम है, लेकिन बीते 24 घंटों की तेज वर्षा से 121 सड़कें, 31 ट्रांसफार्मर और 19 पेयजल योजनाएं ठप हैं।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश व भूस्खलन से नुकसान का सिलसिला जारी है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
अगले सात दिन भारी बारिश की संभावना कम।
प्रदेश में 121 सड़कें, 31 ट्रांसफार्मर ठप।
मानसून से 1137 करोड़ का नुकसान, 230 मौतें।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक सप्ताह तक भारी बारिश के आसार कम हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का कहना है कि अगले सात दिन तक प्रदेश में भारी या अत्यधिक भारी वर्षा की कोई बड़ी चेतावनी नहीं है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना है। हिमाचल में बीते 24 घंटों के दौरान हुई तेज वर्षा से जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य में श्री नैना देवी जी में में सबसे अधिक 66.8 मिलीमीटर और धर्मशाला में 36.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
24 अगस्त सुबह 10 बजे राज्य में 121 सड़कें पूरी तरह से अवरुद्ध हैं, 31 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं और 19 पेयजल योजनाएं ठप पड़ी हुई हैं।
मंडी और कुल्लू जिले सबसे ज्यादा प्रभावित
सबसे ज्यादा मंडी और कुल्लू जिले प्रभावित हुए हैं। मंडी जिले में सिराज, सुंदरनगर, पद्धर और थलौट सब-डिवीजन में कुल 61 सड़कें बंद हैं और 9 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं। कुल्लू जिले में कुल्लू, बंजार, आनी और निरमंड क्षेत्रों में 31 सड़कें बंद हैं तथा 18 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं।
कांगड़ा में 8 व चंबा में 7 सड़कें बंद
कांगड़ा में 8 सड़कें व 14 पेयजल योजनाएं, सिरमौर में 5 सड़कें, शिमला और ऊना में 4-4 सड़कें, तथा चंबा में 7 सड़कें बंद हैं।
मानसून सीजन का कुल नुकसान 1,137 करोड़ रुपये पार
राज्य आपदा प्रबंधन के आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में 30 जून से 23 अगस्त के दौरान प्रदेश को कुल लगभग 1137.33 करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ है। भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, डूबने आदि के कारण 94 लोगों की जान जा चुकी है। सड़क हादसों में 136 अन्य मौतें दर्ज हुई हैं।
333 घर हुए ध्वस्त
लोक निर्माण विभाग को 852.32 करोड़ रुपये और जलशक्ति विभाग को 258.610 करोड़ रुपये की क्षति हुई है। राज्य में 333 घर पूरी तरह से ध्वस्त और 920 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
यह भी पढ़ें: भारी बारिश से मणिमहेश यात्रा मार्ग क्षतिग्रस्त, भरमौर प्रशासन ने रोके श्रद्धालु; ADM ने टीम के साथ लिया जायजा
