विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विधानसभा सत्र के बीच BJP विधायक से विजिलेंस पूछताछ, सुधीर शर्मा ने दिया विशेषाधिकार हनन नोटिस; पुलिस अफसर नपेंगे

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 22 Aug 2026 03:47 PM (IST)Updated: Sat, 22 Aug 2026 04:10 PM (IST)

हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विजिलेंस द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर विधायक सुधीर शर्मा ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है।

भाजपा विधायक सुधीर शर्मा हिमाचल विधानसभा परिसर में मीडिया से बात करते हुए। जागरण

भाजपा विधायक सुधीर शर्मा हिमाचल विधानसभा परिसर में मीडिया से बात करते हुए। जागरण

HighLights

  1. विजिलेंस ने मानसून सत्र के बीच विधायक को पूछताछ के लिए बुलाया।

  2. सुधीर शर्मा ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस दिया।

  3. आय से अधिक संपत्ति मामले में विजिलेंस कर रही है जांच।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के बीच विजिलेंस की ओर से पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर धर्मशाला से भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। सुधीर शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को पत्र सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के मुखिया व दो अन्य अधिकारियों पर आरोप

जानकारी के अनुसार, यह विशेषाधिकार हनन का नोटिस पुलिस के मुखिया समेत दो अन्य अधिकारियों के खिलाफ दिया गया है। सुधीर शर्मा का आरोप है कि विधानसभा की कार्यवाही चलने के दौरान विजिलेंस ने उन्हें जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया। उन्होंने इसे मानसिक प्रताड़ना और परेशान करने का प्रयास करार दिया है।

कार्यवाही के बीच बुलाना उचित नहीं

सुधीर शर्मा के मुताबिक, जिस मामले में उनसे पूछताछ की जा रही है, वह धर्मशाला में दर्ज है, लेकिन उन्हें पूछताछ के लिए शिमला स्थित कार्यालय बुलाया गया। उनका कहना है कि विधानसभा सत्र के दौरान विधायक को इस तरह जांच के लिए बुलाना उचित नहीं है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से अपने विशेषाधिकार हनन के मामले में उचित कार्रवाई की उम्मीद जताई है।

आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच

सुधीर शर्मा के खिलाफ विजिलेंस में कथित आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा मामला दर्ज है। जांच एजेंसी की ओर से उनकी आय, संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश समेत विभिन्न वित्तीय लेन-देन से संबंधित जानकारी की जांच किए जाने की बात सामने आई है। इसमें शेयरों से हुई आय तथा जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े लेन-देन भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं।

सुधीर शर्मा पहले भी विजिलेंस की कार्रवाई को बदले की भावना से प्रेरित बताते रहे हैं। अब विधानसभा सत्र के दौरान पूछताछ के लिए बुलाए जाने को लेकर उन्होंने सीधे विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष विशेषाधिकार हनन का मामला उठाया है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल विधानसभा में वंदे मातरम व राष्ट्रगान के अपमान पर हंगामे के बाद कार्यवाही स्थगित, BJP विधायक धरने पर बैठे