हिमाचल में सड़क धंसने से मकान की छत पर जा गिरा सीमेंट से लदा ट्रक, आवाज सुनते ही सहमकर बाहर भागे लोग
हिमाचल के मंडी जिले में सुंदरनगर-करसोग सड़क पर एक सीमेंट से लदा ट्रक सड़क धंसने से अनियंत्रित होकर एक मकान की छत पर जा गिरा। इस हादसे में ट्रक चालक घा ...और पढ़ें
HighLights
सीमेंट से लदा ट्रक मकान की छत पर गिरा।
सड़क धंसने के कारण हुआ भीषण हादसा।
ट्रक चालक घायल, घर के लोग सुरक्षित बचे।
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में सुंदरनगर-करसोग सड़क पर सोमवार सुबह करीब पांच बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जयदेवी गुरुद्वारे के समीप सीमेंट से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे स्थित एक मकान की छत पर जा गिरा। परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे, जो आवाज सुनते ही सहमकर बाहर भागे। गनीमत यह रही कि मकान के अंदर मौजूद लोग सुरक्षित बच गए, जबकि ट्रक चालक घायल है।
वाहन को पास देते वक्त हुआ हादसा
सीमेंट से लदा ट्रक करसोग की ओर जा रहा था। जयदेवी के पास सामने से आ रहे अन्य वाहन को पास देते समय अचानक सड़क का किनारा धंस गया। जमीन धंसते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक अनियंत्रित होकर नीचे बने रिहाइशी मकान की छत पर जा गिरा।
धमाका सुनकर सहमे लोग
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए और बचाव कार्य में जुट गए। घायल चालक को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में मकान की छत व ट्रक को काफी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस जांच में जुटी
बीएसएल कालोनी थाना पुलिस ने मौके का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। डीएसपी सुंदरनगर भरत भूषण ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में रात 11 बजे घर के आंगन में पहुंच गया खूंखार तेंदुआ, दहशत में कमरे में दुबके लोग; हमीरपुर के चौंतरा की घटना