विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर लड़की का घर जलाने वाला सनकी युवक चढ़ा पुलिस के हत्थे, अब होगी कड़ी कार्रवाई

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Updated: Mon, 23 Feb 2026 01:29 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर लड़की के घर में आग लगा दी थी। नित्थर उपतहसील के कटाहर गांव में हुई।

कुल्लू पुलिस ने लड़की के घर को आग लगाने वाला सनकी युवक पकड़ लिया है। प्रतीकात्मक फोटो

कुल्लू पुलिस ने लड़की के घर को आग लगाने वाला सनकी युवक पकड़ लिया है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. प्रस्ताव ठुकराने पर युवक ने घर में लगाई आग।

  2. कुल्लू पुलिस ने आरोपी पंकज शर्मा को पकड़ा।

  3. पड़ोसियों ने परिवार को आग से बचाया।

संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में गत दिवस हुए बेहद सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया है। सनकी युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर लड़की के घर को ही आग लगा दी थी। उपतहसील नित्थर की कुठेड़ पंचायत के कटाहर गांव में यह घटना हुई थी। घटना के बाद आरोपित कार में बैठकर फरार हो गया था। 

सूचना मिलते ही पुलिस चौकी लूहरी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की थी। पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया था कि पंकज शर्मा नामक युवक उनकी बेटी पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। प्रस्ताव अस्वीकार करने पर उसने दो दिन पहले फोन पर पूरे परिवार को जिंदा जलाने की धमकी दी थी।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित युवक को लूहरी चौक से को वाहन सहित पकड़ लिया। आरोपित को अदालत से तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। 

आरोपित युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। युवक से मकान को हुए नुकसान की भरपाई करवाई जा सकती है। 

पड़ोसियों ने जगाकर बचाई जान

सनद रहे कि रात करीब 10 बजे परिवार भोजन के बाद सो चुका था। लगभग आधे घंटे बाद घर के बाहरी हिस्से से आग की लपटें उठती देख पास की एक महिला ने शोर मचाया। शोर सुनकर परिवार जागा और तुरंत बाहर भागा। ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा काफी सामान जल चुका था। 

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें: पंजाब से सटे ऊना में बढ़ा गन कल्चर, शादी में हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल; पुलिस ने आर्म्स एक्ट में की FIR

यह भी पढ़ें: OTT प्लेटफार्म और गेमिंग के नाम पर हो रही ठगी, 5 प्वाइंट में सब्सक्रिप्शन स्कैम की करें पहचान