हिमाचल में ड्रिलबुरी पर्वत परिक्रमा के दौरान बर्फबारी की चपेट में आए श्रद्धालु, 2 महिलाओं की मौत; कई घायल
हिमाचल प्रदेश के लाहुल घाटी में ड्रिलबुरी पर्वत की परिक्रमा के दौरान भारी बर्फबारी की चपेट में आने से दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
HighLights
ड्रिलबुरी पर्वत परिक्रमा के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत।
बर्फबारी, हाई एल्टीट्यूड सिकनेस से कई श्रद्धालु घायल।
घायलों का क्षेत्रीय अस्पताल केलंग में चल रहा उपचार।
जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश में लाहुल घाटी के पवित्र पर्वत ड्रिलबुरी की परिक्रमा के दौरान बर्फबारी की चपेट में आकर दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इस धार्मिक यात्रा के दौरान बर्फ पर फिसलने, हाई एल्टीट्यूड सिकनेस और हाइपोथर्मिया की चपेट में आने से कई बौद्ध श्रद्धालु घायल भी हुए हैं। घायलों में कुछ बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।
यात्रा के दौरान 74 वर्षीय दावा डोवा निवासी दार्जलिंग और 61 वर्षीय यांग्जिन निवासी केलंग लाहुल स्पीति की मौत हुई है।
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलंग लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में ऊंचाई से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं और चोटिल होकर घायल हुए श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होंगे मौत के असल कारण
क्षेत्रीय अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुषमा ने बताया कि ड्रिलबुरी परिक्रमा के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हुई है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
कुछ श्रद्धालु बर्फ पर फिसलकर चोटिल
डॉ. सुषमा के अनुसार, परिक्रमा से लौटे कई श्रद्धालु चोट लगने और ऊंचाई से संबंधित स्वास्थ्य परेशानियों के कारण अस्पताल पहुंचे हैं। इनमें बर्फ पर फिसलने से घायल हुए लोग भी शामिल हैं, जबकि कई श्रद्धालुओं में हाई एल्टीट्यूड सिकनेस के लक्षण पाए गए हैं।
300 श्रद्धालु हुए हैं शामिल
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी के कारण हाई एल्टीट्यूड सिकनेस की समस्या हो सकती है। इसके अलावा अत्यधिक ठंड के कारण हाइपोथर्मिया का खतरा भी बढ़ जाता है। ड्रिलबुरी परिक्रमा में करीब 300 श्रद्धालुओं के शामिल होने की बात सामने आई है।
ताजा बर्फबारी बनी मुसीबत
रात व सुबह बर्फबारी होने के कारण श्रद्धालुओं की राह मुश्किल हो गई। बौद्ध धर्म के ये श्रद्धालु मध्य रात्रि के बाद 2 बजे यात्रा पर निकले थे और इसी दौरान मौसम बिगड़ गया व बर्फबारी शुरू हो गई। बर्फीला तूफान और खराब मौसम इन लोगों के लिए मुसीबत बन गया।
2 लोगों की मौत और एक व्यक्ति की हड्डी टूटने की सूचना है। उन्हें सुरक्षित बचाने के लिए तीन टीमें तैनात की गई थीं। अभी भी लगभग 30 लोग रास्ते में हैं, जिन्हें वापस लाया जा रहा है।
-शिवानी मेहला, पुलिस अधीक्षक, लाहुल स्पीति।
यह भी पढ़ें: मणिमहेश में बर्फबारी: राधाष्टमी न्हौण से पहले प्रशासन ने यात्रा रोकी, हड़सर और धनछो में सैकड़ों श्रद्धालु रोके गए
