विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के भरमौर में दरका पहाड़, सड़क का मिट गया नामोनिशान; वीडियो देख कांप जाएगी रूह

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 25 Aug 2026 12:37 PM (IST)

चंबा के भरमौर में भूस्खलन से कोड़ला-उरेई सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई और चार पंचायतों का संपर्क कट गया।

HighLights

  1. भरमौर में भूस्खलन से कोड़ला-उरेई सड़क हुई क्षतिग्रस्त।

  2. चार पंचायतों का संपर्क कटा, आवागमन हुआ बाधित।

  3. लोक निर्माण विभाग ने सड़क बहाली का दिया आश्वासन।

जागरण टीम, भरमौर (चंबा)। हिमाचल प्रदेश में जिला चंबा के भरमौर क्षेत्र में एक पहाड़ दरक गया। भूस्खलन का भयावह वीडियो भी सामने आया है। मंगलवार सुबह हुए भारी भूस्खलन और जमीन धंसने के कारण कोड़ला-उरेई सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क के बड़े हिस्से में अचानक हुए भू-धंसाव और भूस्खलन से मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो गई है। इस कारण इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।

भूस्खलन के कारण सड़क को इतना नुकसान पहुंचा है कि पैदल आवाजाही भी मुश्किल है। इससे स्थानीय लोगों और उरेई की ओर आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई वाहन चपेट में नहीं आया।

4 पंचायतों का संपर्क कटा

जानकारी के अनुसार, कोड़ला से उरेई को जोड़ने वाला यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है। सुबह के समय हुए भारी भू-धंसाव के बाद मार्ग पर यातायात पूरी तरह रुक गया। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन की चुनौती बढ़ गई है। क्षेत्र की 4 पंचायतों का संपर्क कट गया है।

वैकल्पिक मार्ग का विकल्प

हालांकि, उरेई पहुंचने के लिए कंडी-कुठेड़ सड़क के माध्यम से वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है। ऐसे में लोगों को फिलहाल इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी जा रही है।

पहाड़ी क्षेत्र के लोग दहशत में

अचानक हुए भूस्खलन ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में बरसात के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मार्ग के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से अब इसकी बहाली के लिए संबंधित विभाग की कार्रवाई पर लोगों की नजर रहेगी।

कोड़ला-उरेई मार्ग भारी भूस्खलन और जमीन धंसने से क्षतिग्रस्त हुआ है। इससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित है। मार्ग को बहाल करने के लिए विभागीय टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। स्थिति का जायजा लेकर जल्द से जल्द यातायात बहाल करने के प्रयास किए जाएंगे।
-जीत सिंह ठाकुर, अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग, चंबा।

यह भी पढ़ें: Himachal Weather 25th August: हिमाचल के तीन जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी, 3 घंटे बरसेगी आफत