बिलासपुर में पहाड़ी दरकने से जेसीबी मशीन ऑपरेटर और हेल्पर मलबे में दबे, एक की मौत व दूसरे की हालत गंभीर
बिलासपुर के भराड़ी में लदरौर बाजार में भूस्खलन से खुदाई कर रही जेसीबी मशीन मलबे में दब गई। हादसे में ...और पढ़ें
HighLights
बिलासपुर के लदरौर बाजार में भूस्खलन से जेसीबी दबी।
हादसे में 20 वर्षीय हेल्पर कुशल की मौके पर मौत।
घायल ऑपरेटर पंकज भारद्वाज एम्स बिलासपुर रेफर।
संवाद सहयोगी, भराड़ी (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को चंबा के भरमौर के बाद बिलासपुर में भराड़ी के अंतर्गत लदरौर बाजार में भारी भूस्खलन हुआ है। यहां जमीन की खोदाई में लगी एक जेसीबी मशीन पर अचानक ऊपर से भारी-भरकम मिट्टी का ल्हासा (भूस्खलन) गिर गया। हादसे में जेसीबी ऑपरेटर और हेल्पर दोनों मलबे में दब गए। इस घटना में 20 वर्षीय हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल है।
तुरंत बचाव को दौड़े लोग
जानकारी के अनुसार, लदरौर बाजार में जेसीबी से खोदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से मिट्टी और चट्टानों का मलबा मशीन पर आ गिरा। हादसा होते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय दुकानदारों, वाहन चालकों और राहगीरों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही दूसरी जेसीबी मशीन को मौके पर बुलाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाकर दोनों दबे युवकों को बाहर निकाला गया।
ऑपरेटर एम्स रेफर
हादसे के तुरंत बाद दोनों को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भराड़ी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल ऑपरेटर की प्राथमिक चिकित्सा के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे एम्स बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
मृतक और घायल की पहचान
मृतक (हेल्पर): कुशल (20) पुत्र होशियार सिंह, निवासी गांव चम्बयाली, जिला ऊना।
गंभीर घायल (चालक): पंकज भारद्वाज (26), निवासी गांव जाजर (सरकाघाट), जिला मंडी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के भरमौर में दरका पहाड़, सड़क का मिट गया नामोनिशान; वीडियो देख कांप जाएगी रूह
