विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत में लगातार दूसरे दिन भ्रूण लिंग जांच गिरोह का पर्दाफाश, 40 हजार रुपये और दो अल्ट्रासाउंड मशीनें बरामद

Published: Wed, 12 Aug 2026 11:31 AM (IST)

सोनीपत में जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भ्रूण लिंग जांच करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों संदीप ...और पढ़ें

कार्रवाई के दौरान टीम ने एक स्थायी अल्ट्रासाउंड मशीन, एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन और डिकॉय से लिए गए 40 हजार रुपये बरामद किए।

कार्रवाई के दौरान टीम ने एक स्थायी अल्ट्रासाउंड मशीन, एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन और डिकॉय से लिए गए 40 हजार रुपये बरामद किए।

HighLights

  1. सोनीपत में भ्रूण लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार।

  2. 40 हजार रुपये और दो अल्ट्रासाउंड मशीनें बरामद की गईं।

  3. आरोपी संदीप पहले भी ऐसे मामलों में पकड़ा जा चुका है।

संदीप मच्छरी, सोनीपत। जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भ्रूण लिंग जांच करने वाले सक्रिय गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जागसी निवासी संदीप और गन्नौर निवासी भूपेंद्र हैं।

आरोप है कि दोनों गर्भवती महिलाओं के भ्रूण के लिंग की अवैध जांच करते थे। कार्रवाई के दौरान टीम ने एक स्थायी अल्ट्रासाउंड मशीन, एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन और डिकॉय से लिए गए 40 हजार रुपये बरामद किए।

मंगलवार को भी ऐसे ही रैकेट का भंडाफोड़ करते एक डॉक्टर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। 

पहले भी पकड़ा जा चुका है आरोपी

सिविल सर्जन सोनीपत डॉ. अनुराधा जैन को सूचना मिल रही थी कि जागसी का संदीप दोबारा भ्रूण लिंग जांच का अवैध धंधा चला रहा है। बताया गया कि संदीप इससे पहले भी भ्रूण लिंग जांच के दो मामलों में पकड़ा जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर है।

सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई। इसमें पीसी एंड पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कौशिक, डॉ. योगेश दहिया और चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक शर्मा को शामिल किया गया।

डिकॉय महिला से संपर्क

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई के लिए एक गर्भवती महिला को डिकॉय (मिथ्या ग्राहक) बनाया और संदीप से संपर्क कराया। आरोप है कि संदीप ने भ्रूण लिंग जांच के लिए 40 हजार रुपये की मांग की और महिला को गोहाना बाईपास पर बुलाया।

गोहाना में हुई मुलाकात

11 अगस्त की सुबह अधिकृत टीम डिकोय महिला और उसके सहायक के साथ गोहाना पहुंची। कुछ समय बाद संदीप अपने साथी भूपेंद्र के साथ कार में वहां पहुंचा। दोनों आरोपियों ने महिला को सोनीपत जीटी रोड स्थित टीडीआई एस्पानिया के एक फ्लैट में पहुंचाया। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी लगातार उनका पीछा कर रही थी।

जांच और नकदी लेना

फ्लैट में पहुंचने के बाद आरोपियों ने डिकोय महिला से 40 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद संदीप ने अल्ट्रासाउंड मशीन से गर्भवती महिला के भ्रूण की जांच की और उसके लड़का होने की बात कही।

गिरफ्तारी और तलाशी

जांच के बाद जैसे ही आरोपी महिला को लेकर कार से बाहर निकले, टीडीआई एस्पानिया के गेट पर पहले से मौजूद पीसी एंड पीएनडीटी सोनीपत की अधिकृत टीम ने पुलिस की मदद से उनकी कार रोक ली। ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं बीडीपीओ राई दिगंबर सिंह की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फ्लैट की तलाशी ली।

मशीनें और नकदी बरामद

तलाशी के दौरान एक स्थायी अल्ट्रासाउंड मशीन और एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन चालू हालत में मिलीं। इसके अलावा आरोपी भूपेंद्र के पास से 40 हजार रुपये भी बरामद किए गए। बरामद नोटों का मिलान पहले से तैयार की गई करेंसी नोटों की सूची से किया गया, जो सही पाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों अल्ट्रासाउंड मशीनों और नकदी को मौके पर ही सील कर दिया।

पुलिस में शिकायत दर्ज

पुलिस ने मुख्य आरोपी संदीप और उसके साथी भूपेंद्र के खिलाफ थाना बहालगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- लड़का होगा या लड़की... जांचकर बताने के लेते थे 1 लाख रुपये; सोनीपत में डॉक्टर समेत 3 गिरफ्तार