सोनीपत: सिलिंडर ब्लास्ट में गिरी थी छत, विधायक देवेंद्र कादियान ने दिया नया घर बनाने का भरोसा
खुबड़ू गांव में सिलिंडर फटने से घर की छत गिरने और सामान जलने के बाद विधायक देवेंद्र कादियान ने पीड़ित परिवार को नया मकान बनवाने का भरोसा दिया है। ...और पढ़ें

HighLights
खुबड़ू गांव में सिलिंडर फटने से घर क्षतिग्रस्त हुआ।
विधायक देवेंद्र कादियान ने नया मकान बनवाने का वादा किया।
पीड़ित परिवार को गांव की चौपाल में अस्थायी आश्रय मिला।
जागरण संवाददाता, गन्नौर। खुबड़ू गांव में सिलिंडर फटने से घर की छत गिरने और आग लगने के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया था। हादसे में घर का सामान जलकर राख हो गया था। अब विधायक देवेंद्र कादियान ने परिवार को नया मकान बनवाने का भरोसा दिया है। मकान तैयार होने तक परिवार को गांव की चौपाल में रहने की व्यवस्था की गई है।
विधायक देवेंद्र कादियान ने बताया कि खुबड़ू के हरिओम के घर में हाल ही में चाय बनाते समय अचानक सिलिंडर फट गया था। धमाके के बाद घर की छत ढह गई और आग लगने से घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। हादसे के बाद परिवार के सामने सबसे बड़ी चिंता सिर छिपाने की थी।
रविवार को कादियान परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कादियान ने कहा कि पीड़ित परिवार के क्षतिग्रस्त मकान की जगह उनकी देवा सोसायटी नया मकान बनवा कर देगी। मामले में प्रशासनिक स्तर पर पीड़ित परिवार को जो भी संभव सहायता मिल सकती है, वह दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
जिला पार्षद भी मौके पर पहुंचे
वहीं जिला पार्षद संजय बड़वासनिया भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवार से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। जिला पार्षद संजय बड़वासनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 2200 मकान अभी बाकी बनाए जा रहे हैं। इन परिवारों का दोबारा सर्वे करवाकर पात्र लोगों के नाम योजना में शामिल किए जाने चाहिए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को पक्के और सुरक्षित मकान मिल सकें।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते जर्जर मकानों का सर्वे करवाकर उनकी मरम्मत करवा दी जाए तो गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिल सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले मकानों की रिपेयरिंग के नाम पर बड़ी संख्या में लोगों से फार्म भरवाए गए थे, लेकिन बाद में महज करीब पांच प्रतिशत लोगों के नाम ही मकान मरम्मत के लिए चयनित किए गए। इससे बड़ी संख्या में गरीब और जरूरतमंद परिवार लाभ से वंचित रह गए। दोबारा सर्वे करवा कर पात्रों को योजना का लाभ दिया जाएं।