पलवल में यूजीसी नियमों के खिलाफ बाजार रहे पूरी तरह बंद, सवर्ण समाज ने मीनार गेट पर दिया धरना
पलवल में सवर्ण समाज के विभिन्न संगठनों ने यूजीसी के नए नियमों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते ...और पढ़ें
-1788804721791_m.webp)
सोमवार को शहर में सवर्ण समाज के विभिन्न संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
HighLights
सवर्ण समाज ने यूजीसी के नए नियमों का विरोध किया।
पलवल के मुख्य बाजार प्रदर्शन के कारण पूरी तरह बंद रहे।
प्रदर्शनकारियों ने मीनार गेट पर धरना देकर नियम वापसी मांगी।
जागरण संवाददाता, पलवल। यूजीसी के नए नियमों के विरोध में सोमवार को शहर में सवर्ण समाज के विभिन्न संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला व्यापार मंडल के आह्वान पर शहर के मुख्य बाजार पूरी तरह बंद रहे। शहर के मुख्य बाजार स्थित मीनार गेट के समीप हुए प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए इन नियमों को वापस लेने की मांग की और इसे काला कानून करार दिया।
लोगों ने यूजीसी नियम वापस लिए जाने की मांग के पोस्टर बैनर अपने हाथों में लिए हुए थे। प्रदर्शन सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक चला।
इस धरने में करनी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू, पूर्व विधायक नयनपाल रावत, जिला व्यापार मंडल प्रधान बलराम गुप्ता, जिला ब्राह्मण सभा अध्यक्ष विनोद शर्मा, पलवल अध्यक्ष अमन भारद्वाज, नगर परिषद के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रमेश ठाकुर, संजय राणा, राम बाबू खंगारौत, सुशील काले, शंभू पहलवान, विनोद जैन, राजेश्वर गर्ग आदि शामिल हुए।
नियमों से छात्रों में वैमनस्य बढ़ेगा और कानून का दुरुपयोग
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यूजीसी के इन नियमों से छात्रों में वैमनस्य बढ़ेगा और कानून का दुरुपयोग होगा। यह नियम स्वर्ण समाज को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह किसी के विरोध में नहीं, अपने अधिकारों की मांग को लेकर यहां पर बैठे हैं।
यह नियम तुरंत वापस लिए जाने चाहिए। यदि भाजपा सरकार ने इसे वापस नहीं लिया तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। हालांकि, आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण है और किसी जाति या वर्ग के खिलाफ न होकर समानता व निष्पक्षता की मांग के लिए है।
बाजारों पर दिखा असर, निजी दफ्तरों में सामान्य रही हलचल
बता दें कि सोमवार के प्रदर्शन को विभिन्न संगठनों की तरफ से पलवल बंद का नाम दिया था। इसका असर शहर के बाजारों में देखने को मिला। शहर के व्यापारियों ने हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के आह्वान पर बाजार बंद रखा। हालांकि अन्य स्थानों पर हालत सामान्य रहे। शहर के मीनार गेट स्थित मुख्य बाजार,जवाहर नगर कैंप बाजार, बस स्टैंड बाजार को छोड़कर निजी कार्यालयों,चौराहों पर सामान्य दिनों की तरह चहलकदमी रही। लोगों ने शो रूम से खरीदारी की या डिलीवरी एजेंसियों के जरिए समान मंगवाया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस बल रहा तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट पर रहा। जिला पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग के निर्देश पर पुलिस ने मीनार गेट और बाजार के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर सुरक्षा बढ़ा दी थी। डीएसपी नरेंद्र खटाना के नेतृत्व में पुलिस बल, स्वैट टीम, डिटेक्टिव स्टाफ और एंटी-राइट उपकरणों से लैस पुलिस टुकड़ियां मौके पर मुस्तैद रहीं। बाजार की ओर आने वाले आम लोगों को सुरक्षा के लिहाज से वापस लौटा दिया गया। प्रदर्शनकारियों के वाहन भी पहले ही खड़े करवा दिए गए थे।
