KMP-KGP पर 6 श्रद्धालुओं की मौत के बाद एक्शन: अवैध कट, ढाबा और शराब ठेका संचालकों पर FIR दर्ज
केएमपी-केजीपी एक्सप्रेसवे पर छह श्रद्धालुओं की मौत के बाद पुलिस ने अवैध कट और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले ...और पढ़ें

केएमपी एक्सप्रेस वे पर ग्रिल तोड़कर बनाया गया अवैध निकासी का रास्ता- जागरण
HighLights
केएमपी-केजीपी पर छह श्रद्धालुओं की मौत के बाद कार्रवाई।
अवैध कट, ढाबा व शराब ठेका संचालकों पर FIR दर्ज।
एनएचएआई की शिकायत पर पलवल में पुलिस का एक्शन।
जागरण संवाददाता, पलवल। केएमपी-केजीपी एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक की वजह से छह श्रद्धालुओं की मौत के बाद अब एक्सप्रेसवे की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है।
दैनिक जागरण द्वारा एक्सप्रेसवे के किनारे अवैध कट बनाकर संचालित किए जा रहे ढाबों और शराब ठेकों का मामला प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पुलिस ने बहरौला क्षेत्र में शराब ठेका और ढाबा संचालक के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। दोनों मामले एनएचएआई की अधिकृत एजेंसी की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने दर्ज किए हैं।
एक्सप्रेसवे पर जहां वाहनों की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रतिघंटा या इससे अधिक रहती है, वहीं सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहन और बिना अनुमति बनाए गए कट हादसों को न्योता दे रहे हैं।

केएमपी एक्सप्रेस-वे स्थित टोल प्लाजा के समीप खड़े वाहन -जागरण
कई जगह व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचने के लिए सुरक्षा रेलिंग और क्रैश बैरियर तक तोड़ दिए गए हैं। इससे एक्सप्रेसवे पर अचानक वाहनों के प्रवेश और निकासी का खतरा बना रहता है।
छह श्रद्धालुओं की मौत के बाद दैनिक जागरण ने एक्सप्रेसवे और प्रमुख मार्गों पर फैली इस अव्यवस्था को प्रमुखता से उजागर किया था। इसके बाद जिला उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से सड़कों पर सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और अवैध कटों को लेकर रिपोर्ट तलब की थी। अब पुलिस की कार्रवाई को इसी दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
अवैध कट बनाकर चला रहा था शराब ठेका
एनएचएआइ की अधिकृत एजेंसी मैसर्स एनसीआर ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि उमेश कुमार शर्मा की शिकायत पर बहरौला स्थित केके वाइन शाप के संचालक के खिलाफ मुककदमा दर्ज किया गया है।
शिकायत में आरोप है कि शराब ठेके के सामने एक्सप्रेसवे पर अनधिकृत कट बनाकर दुकान तक आने-जाने का रास्ता बनाया गया था।

अतिक्रमण हटाए जाने के बावजूद ठेका संचालक द्वारा बार-बार एक्सप्रेसवे के सामने वाहन खड़े करवाए जा रहे थे। इससे तेज रफ्तार वाहनों के बीच हादसे का खतरा बना हुआ था।
क्रैश बैरियर तोड़कर बना लिया रास्ता
दूसरा मुकदमा बहरौला स्थित अमन ट्रक ढाबा के संचालक विजय पाल के खिलाफ दर्ज किया गया है। एनएचएआइ प्रतिनिधि की शिकायत के अनुसार ढाबा संचालक ने व्यावसायिक लाभ के लिए एक्सप्रेसवे के मेटल बीम क्रैश बैरियर को तोड़ दिया और वहां से आवागमन के लिए अनधिकृत रास्ता बना लिया।
क्रैश बैरियर एक्सप्रेसवे पर वाहनों को सड़क से बाहर जाने से रोकने और दुर्घटना की स्थिति में सुरक्षा प्रदान करने के लिए लगाए जाते हैं। ऐसे बैरियर को तोड़कर रास्ता बनाना वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
अवैध कट वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी
जिला पुलिस प्रवक्ता संजय कादयान ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। एक्सप्रेसवे पर अवैध कट बनाने, बैरियर तोड़ने या यातायात व्यवस्था में बाधा पैदा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
