कांवड़ यात्रा पूरी कर लौटे युवक की NH-19 पर हादसे में गई जान, पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी ठोकर
पलवल में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौटे युवक बिजेन्द्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी राकेश गंभीर रूप ...और पढ़ें

मृतक बिजेंद्र को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फाइल फोटो
HighLights
हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौटे युवक की मौत।
पलवल में NH-19 पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर।
साथी राकेश गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती।
जागरण संवाददाता, पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बघौला के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौटे युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब युवक मंदिर में कांवड़ रखने के बाद रास्ते में पीछे छूट गए अपने साथियों को लेने बाइक से जा रहा था। मृतक की पहचान रहराना गांव निवासी बिजेन्द्र के रूप में हुई है।
राकेश चला रहा था बाइक
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई जोगिन्द्र ने बताया कि बिजेन्द्र 10 अगस्त की रात हरिद्वार से कांवड़ लेकर गांव के मंदिर पहुंचा था। कांवड़ मंदिर में रखने के बाद, पीछे रह गए कांवड़िया साथियों को लाने के लिए वह गांव के ही राकेश के साथ बाइक पर बल्लभगढ़ की तरफ जा रहा था। बाइक राकेश चला रहा था और बिजेन्द्र पीछे बैठा था। उनके साथ दूसरी बाइक पर गांव के ही दीपक और देवेश भी चल रहे थे।
अज्ञात वाहन ने मार दी ठोकर
रात करीब साढ़े नौ बजे जैसे ही वे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सत्यसाई अस्पताल के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बिजेन्द्र और राकेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत निजी अस्पतालों के बाद सरकारी अस्पताल पलवल ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने बिजेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया।