हिसार बस अड्डे की खस्ताहाल सड़क का बदलेगा रूप, सरकार ने 1.24 करोड़ के बजट को दी मंजूरी
हिसार बस अड्डे की जर्जर सड़क के नवीनीकरण के लिए प्रदेश सरकार ने 1.24 करोड़ रुपये का बजट मंजूर कर ...और पढ़ें
-1788853761739_m.webp)
हिसार बस अड्डे की खराब सड़क का होगा कायाकल्प।
HighLights
हिसार बस अड्डे की जर्जर सड़क के लिए बजट मंजूर
1.24 करोड़ रुपये से होगा सड़क का नवीनीकरण कार्य
हजारों यात्रियों और रोडवेज बसों को मिलेगी बड़ी राहत
प्रदीप खन्ना, हिसार। लंबे समय से बदहाल पड़ी बस अड्डे के भीतर की सड़क अब अपने पुराने गड्ढो से निजात पाएगी। जगह-जगह उभरे गड्ढों और टूटे हिस्सों के कारण यात्रियों से लेकर रोडवेज बस चालकों तक को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अब प्रदेश सरकार ने इस व्यस्त मार्ग की सुध लेते हुए इसके नवीनीकरण के लिए एक करोड़ 24 लाख और 34 हजार रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है।
बजट की मंजूरी के बाद सड़क के निर्माण की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाई जाएगी। सड़क के कायाकल्प से प्रतिदिन यहां से गुजरने वाले हजारों यात्रियों और रोडवेज बसों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
लोकल बस स्टैंड से जीएम कार्यालय तक व्यस्त मार्ग
बस अड्डे के लोकल बस स्टैंड से जीएम कार्यालय की ओर जाने वाला यह मार्ग परिसर के प्रमुख और व्यस्त रास्तों में शामिल है। इसी मार्ग पर काफी रोडवेज बसों की आवाजाही होती है। इसके अलावा बीच में स्थित पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के लिए भी बड़ी संख्या में वाहन पहुंचते हैं।
इस कारण दिनभर इस सड़क पर यात्रियों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई थी।
गड्ढों ने बढ़ाई दुर्घटना की आशंका
सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से आवागमन में बाधा बन रहे थे। बसों के साथ-साथ दोपहिया और अन्य वाहनों को भी इन गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता था। खासकर अधिक भीड़ के समय यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता था। सड़क के नवीनीकरण से न केवल आवागमन आसान होगा,बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होने की उम्मीद है।
टेंडर प्रक्रिया के बाद शुरू होगा निर्माण
सड़क के नवीनीकरण का कार्य बीएंडआर विभाग के इंजीनियरों की देखरेख में कराया जाएगा। सरकार से 1.24 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति मिलने के बाद अब टेंडर संबंधी कागजी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। लंबे इंतजार के बाद सड़क को नया रूप मिलने से बस अड्डे के यातायात तंत्र को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- हिसार में स्वाइन फ्लू से महिला की मौत, हरियाणा में अब तक 276 मामले
