गुरुग्राम में 2 साल की बच्ची की मौत का दिल दहलाने वाला वीडियो, बेकाबू कार ने रौंदा; ड्राइवर फरार
गुरुग्राम के सेक्टर-5 में तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर खेल रही दो साल की बच्ची को कुचल दिया, ...और पढ़ें
HighLights
दो साल की बच्ची को कार ने कुचला, मौत
सेक्टर-5 गुरुग्राम में घर के बाहर खेल रही थी बच्ची
हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया, पुलिस जांच जारी
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: सेक्टर-5 में सोमवार रात करीब नौ बजे घर के बाहर खेल रही दो साल की मासूम बच्ची को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में बच्ची की मौत हो गई।
सामने आए CCTV फुटेज में हादसे का पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। फुटेज में दिखाई देता है कि कार के मुड़ते ही एक बच्चा रैंप पर चढ़ जाता है, जबकि दूसरी ओर खेल रही बच्ची कार की चपेट में आ जाती है।
रैंप पर खड़ी थीं महिलाएं, सड़क पर खेल रहे थे बच्चे
CCTV फुटेज में कॉर्नर के मकान के गेट के बाहर बने रैंप पर दो महिलाएं खड़ी होकर आपस में बात करती दिखाई देती हैं। वहीं, रैंप खत्म होने के बाद सड़क पर दो बच्चे खेल रहे होते हैं।
इसी दौरान सड़क पर एक कार आती है और मोड़ पर मुड़ती है। कार के सामने आते ही एक बच्चा भागकर रैंप पर चढ़ जाता है, लेकिन बच्ची कार की चपेट में आ जाती है। कार के नीचे बच्ची के आने के बाद मौके पर हड़कंप मच जाता है।
स्वजन अस्पताल लेकर पहुंचे, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मृत बच्ची की पहचान अधी तिवारी के रूप में हुई है। उसके पिता वीरेंद्र तिवारी एक आईटी कंपनी में इंजीनियर हैं। हादसे के बाद स्वजन बच्ची को तुरंत मणिपाल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तेज आवाज और बच्ची की चीख सुनकर परिवार के लोग और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कार चालक सेक्टर-5 का ही रहने वाला बताया जा रहा है। थाना पुलिस ने कहा कि जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस हादसे से जुड़े CCTV फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर हादसे के घटनाक्रम को समझने के साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में बेकाबू कार ने छीन ली मासूम की जिंदगी, सेक्टर-5 में घर के बाहर खेल रही बच्ची को रौंदा
