विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिसार के होटल में बैठ रची थी 7.47 लाख रुपये की लूट की साजिश, 43 घंटे में पर्दाफाश, सभी आरोपी गिरफ्तार

Published: Tue, 08 Sep 2026 03:39 PM (IST)

फतेहाबाद पुलिस ने खाराखेड़ी के पास 7.47 लाख रुपये की लूट के मामले में 43 घंटे के भीतर चार आरोपियों ...और पढ़ें

7 लाख 47 हजार रुपये की लूट के मामले में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी।

 7 लाख 47 हजार रुपये की लूट के मामले में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी।

HighLights

  1. फतेहाबाद में 7.47 लाख रुपये की लूट का पर्दाफाश।

  2. 43 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता भी शामिल।

  3. लूट की साजिश हिसार के एक होटल में रची गई थी।

जागरण संवाददाता, फतेहाबाद। खाराखेड़ी के पास सारंगपुर रोड पर फायरिंग कर 7 लाख 47 हजार रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने 43 घंटे में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश कर दिया।

इनमें मुख्य साजिशकर्ता भी शामिल है। जांच में सामने आया है कि लूट की योजना अचानक नहीं बनी थी, बल्कि हिसार के एक होटल में बैठक कर इसकी पूरी साजिश रची गई थी।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 1 लाख 30 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है। वारदात पांच सितंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे की है।

आदमपुर निवासी संदीप कुमार नकदी लेकर जा रहा था। खाराखेड़ी के नजदीक सारंगपुर रोड पर कार सवार बदमाशों ने उसकी गाड़ी के आगे फायरिंग कर रास्ता रोक दिया।

अचानक हुई फायरिंग से वह संभल पाता, इससे पहले ही बदमाश 7 लाख 47 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू की।

जेल में हुई दोस्ती, बाहर आते ही फिर संपर्क

जांच में पुलिस को पता चला कि शिकायतकर्ता की रिश्तेदारी में लगने वाला एक आरोपित पहले आपराधिक मामले में हिसार जेल में बंद था। जेल के दौरान उसकी कुछ अन्य आरोपितों से जान-पहचान हुई।

करीब 25 दिन पहले जेल से बाहर आने के बाद उसने पुराने साथियों से दोबारा संपर्क किया। इसके बाद सभी ने मिलकर लूट की योजना तैयार की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपितों ने हिसार के टुडे होटल में बैठक की थी।

यहां शिकायतकर्ता की नकदी संबंधी गतिविधियों की जानकारी जुटाने और उसके आने-जाने पर नजर रखने की योजना बनाई गई। इसके बाद आरोपितों के साथियों के माध्यम से शिकायतकर्ता की गतिविधियों की जानकारी पहुंचाई जाती रही।

पांच सितंबर को मौका मिलते ही आरोपितों ने सारंगपुर रोड पर फायरिंग कर लूट को अंजाम दे दिया।

तकनीकी सुरागों से पहुंची पुलिस आरोपितों तक

वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। सीआइए फतेहाबाद और थाना सदर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ते हुए चार आरोपितों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से 1 लाख 30 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद हुई है।

शिनाख्त परेड के बाद सामने आएगी पहचान

एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान बाकी लूटी गई रकम, वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य लोगों की भूमिका के बारे में पूछताछ होगी। आरोपितों की न्यायालय के माध्यम से शिनाख्त परेड भी करवाई जाएगी। उसके बाद ही इनके नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।

मामले में चार आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं। उनके कब्जे से 1 लाख 30 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद हुई है। पुलिस रिमांड के दौरान बाकी रकम, हथियार और अन्य संभावित आरोपितों के बारे में पूछताछ की जाएगी। नाम अभी सार्वजनिक नहीं कर सकते।

यह भी पढ़ें- हिसार बस अड्डे की खस्ताहाल सड़क का बदलेगा रूप, सरकार ने 1.24 करोड़ के बजट को दी मंजूरी