विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में सत्य निकेतन हादसे के बाद फरीदाबाद में भी जागे छात्र, जर्जर भव को लेकर प्रबंधन का किया घेराव

Published: Mon, 07 Sep 2026 06:12 PM (IST)

दिल्ली हादसे के बाद फरीदाबाद के नेहरू कॉलेज के छात्रों ने जर्जर भवन, खराब सुविधाओं और दाखिला न होने पर ...और पढ़ें

फरीदाबाद नेहरू कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन जर्जर भवन और सुविधाओं की कमी पर रोष।

फरीदाबाद नेहरू कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन जर्जर भवन और सुविधाओं की कमी पर रोष।

HighLights

  1. नेहरू कॉलेज का भवन 50 वर्ष पुराना, 2016 में कंडम घोषित।

  2. शौचालय, पेयजल की खराब स्थिति, बिजली बैकअप का अभाव।

  3. 20 प्रतिशत बढ़ी सीटों पर दाखिला न होने से छात्र नाराज।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। दिल्ली के सत्य निकेतन में पीजी की इमारत गिरने और छात्रों की मौत की घटना के बाद सेक्टर-16 स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है।

नेहरू कॉलेज का भवन भी करीब 50 वर्ष पुराना है, वर्ष 2016 में लोक निर्माण विभाग की ओर से कंडम घोषित कर दिया गया था। लेकिन आज भी जर्जर भवन में कक्षाएं आयोजित होती हैं। सोमवार को कॉलेज के प्रवेश द्वार पर सैंकड़ों छात्रों ने एकत्रित होकर एमडीयू, जिला प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

नेहरू कॉलेज में करीब सात हजार छात्र और छात्राएं पढ़ते हैं। शहर का सबसे बड़ा सरकारी कॉलेज है। यहां से कई मंत्री और उद्योगपति निकले हैं। लेकिन आज भी यह कॉलेज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। प्रदर्शन कर रहे छात्राओं ने बताया कि शौचालयों की स्थिति बेहद खराब है।

गंदगी और बदबू के कारण बीमारियों का खतरा बना रहता है। इसके अतिरिक्त पेयजल की भी उचित व्यवस्था नहीं है। बिजली बैकअप नहीं होने के कारण गर्मी में पढ़ाई करनी पड़ती है। दीवारों से आए दिन प्लास्टर गिरता है, सरिए दिखाई दे रहे हैं। डर के साये में पढ़ाई करने के लिए मजबूर हैं।

2019 में शुरू हुआ था छह मंजिला भवन का निर्माण

छात्रों की सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा वर्ष 2019 में छह मंजिला भवन का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। लेकिन कोरोना महामारी और फिर बजट के अभाव में काम रुक गया। दो बार बजट को बढ़ाया गया। समय ज्यादा होने के कारण पहली कंपनी ने काम करने से मना कर दिया। इसकी वजह से एक बार फिर निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। बार-बार निर्माण रूकने और धीमी गति से कार्य होने के कारण छात्रों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

बढ़ी हुई 20 प्रतिशत सीटों पर नहीं हो रहा दाखिला

प्रदर्शन कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के जिला उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष पवन भाटी, रवि रावत, लक्की भाटी, प्रशांत भाटी उमेश कुमार, दुर्गेश सिंह सौरव, तुषार और जगदीश सहित अन्य छात्रों ने बताया कि महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय द्वारा कॉलेज में 20 प्रतिशत सीटों की बढ़ोतरी की गई है।

इसके बाद भी नेहरू कॉलेज प्रशासन द्वारा बढ़ी हुई सीटों पर छात्रों को दाखिला नहीं दिया जा रहा है। छात्रों और एबीवीपी के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदर्शन देखकर प्रबंधन की ओर से कॉलेज का गेट बंद कर दिया गया। छात्रों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रबंधन को सुनवाई करनी होगी।

लोक निर्माण विभाग को लिखा गया है कि जल्द भवन का निर्माण कार्य पूरा कराया जाए। सितंबर से अंत तक भवन का निर्माण कार्य पूरा कराने का अधिकारियों ने दावा किया है। 20 प्रतिशत बढ़ी हुई सीटों पर दाखिला हो रहा है। पोर्टल पर अपडेट नहीं हो रहा था। अब पोर्टल ठीक प्रकार से चल रहा है। - डॉ. रितिका गुप्ता, कार्यकारी प्राचार्य और जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी

यह भी पढ़ें- फरीदाबाद में तीन माह में अधिकारी नहीं गिन पाए अवैध इमारतें, एनआइटी जोन में केवल 22 निर्माण हुए चिह्नित