घर की पुताई से पहले सावधान! फरीदाबाद में नकली एशियन पेंट्स का भंडाफोड़; 233 बाल्टियां बरामद
फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में नकली एशियन पेंट्स की बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है, जहां पुलिस ने दो दुकानों से 79 भरी हुई और 154 खाली बाल्टियां बरामद की हैं।

दुकान पर छापा मारकर एशियन पेंट्स के नाम से भरी हुई 79 बाल्टियां और दूसरी दुकान से 154 खाली बाल्टियां व ढक्कन बरामद किए हैं। एआई इमेज
HighLights
फरीदाबाद में नकली एशियन पेंट्स की बिक्री का पर्दाफाश।
पुलिस ने दो दुकानों से 233 बाल्टियां बरामद कीं।
कॉपीराइट उल्लंघन और धोखाधड़ी का मामला दर्ज।
हरेंद्र नागर, फरीदाबाद। डबुआ काॅलोनी में नकली एशियन पेंट्स की बिक्री और सप्लाई किए जाने का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने एक दुकान पर छापा मारकर एशियन पेंट्स के नाम से भरी हुई 79 बाल्टियां और दूसरी दुकान से 154 खाली बाल्टियां व ढक्कन बरामद किए हैं।
पुलिस ने मामले में कॉपीराइट उल्लंघन और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जैसा कि चलन है कि दीपावली पर लोग घरों का रंग-रोगन करवाते हैं, ऐसे में मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं।
दुकान पर पहुंचकर तलाशी ली गई
पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा एनआईटी को सूचना मिली थी कि डबुआ काॅलोनी में एशियन पेंट्स के नाम और डिजाइन का इस्तेमाल कर नकली पेंट की बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने कंपनी की ओर से जांच के लिए अधिकृत प्रतिनिधि राजेश कुमार को साथ लेकर मकान नंबर 843, ए-ब्लाॅक के पास बनी दुकान पर पहुंचकर तलाशी ली।
जांच के लिए गए अलग-अलग नमूने
दुकान पर मिले बबलू नामक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि दुकान का मालिक प्रदीप है और वह पारिवारिक काम से आगरा गया हुआ है। तलाशी के दौरान दुकान से एशियन पेंट्स के विभिन्न उत्पादों के नाम वाली 79 भरी हुई बाल्टियां बरामद हुईं।
इसके अलावा एक खाली बाल्टी, अलग-अलग आकार के ढक्कन, लॉक और हैंडल भी मिले। पुलिस ने बरामद माल में से अलग-अलग उत्पादों के नमूने भी जांच के लिए सुरक्षित किए।
इसके बाद टीम गांव भाखरी में डबुआ-भाखरी रोड स्थित दूसरी दुकान पर पहुंची। यहां तलाशी के दौरान एशियन पेंट्स के नाम वाली 154 खाली बाल्टियां ढक्कन समेत बरामद की गईं। इनमें विभिन्न उत्पादों के नाम और पैकिंग वाली बाल्टियां शामिल थीं। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
ग्राहकों के साथ बड़ी धोखाधड़ी
कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि का आरोप है कि एशियन पेंट्स के कॉपीराइट और ब्रांड का इस्तेमाल कर नकली उत्पाद तैयार कर बेचे और सप्लाई किए जा रहे थे। इससे कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के साथ ग्राहकों के साथ भी धोखाधड़ी की जा रही थी।
पुलिस ने इस संबंध में थाना डबुआ में धारा 318(4) बीएनएस और कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 व 65 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अपराध शाखा एनआईटी के एसआइ सुनील कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस अब बरामद सामान के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
