फरीदाबाद में लापरवाही की हद: शवदाह गृह में दफनाए नवजात को घसीटकर सड़क पर ले आए कुत्ते
फरीदाबाद के छांयसा थाना क्षेत्र में कुत्तों ने श्मशान में दफनाए एक नवजात शिशु के शव को खोदकर सड़क पर ला दिया, जिससे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुल ...और पढ़ें

शवदाह गृह से नवजात के शव को घसीटकर ले आए कुत्ते। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
कुत्तों ने श्मशान से नवजात शिशु का शव बाहर निकाला।
शव सड़क पर पड़ा मिला, राहगीरों ने पुलिस को बताया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। छांयसा थाना क्षेत्र में मोठूका का नगला रोड के पास श्मशान में दफन नवजात शिशु के शव को कुत्ते खोदकर बाहर निकाल लाए और सड़क पर छोड़ दिया। सड़क पर शव पड़ा देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही छांयसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
थाना प्रभारी गोपाल दास के अनुसार पुलिस को रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि श्री अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कालेज के पास दीवार से करीब 10 मीटर की दूरी पर एक नवजात का शव पड़ा है। जांच में पता चला कि शव मोठूका का नगला रोड की तरफ जाने वाले रास्ते पर स्थित श्मशान में दफन किया गया था।
शव करीब एक से दो महीने पुराना प्रतीत हो रहा
पुलिस के अनुसार शव करीब एक से दो महीने पुराना प्रतीत हो रहा है और काफी समय बीतने के कारण उसका अधिकांश हिस्सा कंकाल में बदल चुका था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुत्तों ने मिट्टी खोदकर शव को बाहर निकाला और खींचकर सड़क तक ले आए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार कई बार जन्म के समय या बीमारी के कारण नवजात की मौत होने पर शव को श्मशान घाट में दफना दिया जाता है। पोस्टमार्टम के बाद शव को दोबारा दफनाया जाएगा।