FIFA World Cup 2026: विश्व कप में गुमनाम खिलाड़ी भी छोड़ रहे हैं छाप, 1.5 लाख की आबादी वाले देश के प्लेयर ने मचाया तहलका
फीफा विश्व कप में गुमनाम खिलाड़ी भी अपनी छाप छोड़ रहे हैं, जहां केप वर्डे के वोजिन्हा जैसे खिलाड़ियों ने बड़े नामों को चुनौती दी है। कुराकाओ के लिवानो कोमेनेंसिया और कतर के बोलेम खौखी ने भी अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है।

फीफा वर्ल्ड कप 2026
HighLights
केप वर्डे के वोजिन्हा ने स्पेन के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया
कुराकाओ के लिवानो कोमेनेंसिया ने विश्व कप का पहला गोल किया
कतर के बोलेम खौखी ने स्विट्जरलैंड के खिलाफ आत्मघाती गोल कराया
एपी, न्यूयार्क। फीफा विश्व कप में केवल बड़े नाम ही सुर्खियां नहीं बटोर रहे हैं, बल्कि कुछ ऐसे गुमनाम खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने पहले सप्ताह में अपने प्रदर्शन से अपनी छाप छोड़ी है। इस कड़ी में सबसे पहले नाम आता है 5.5 लाख की आबादी वाले छोटे से देश केप वेर्डे के 40 वर्षीय गोलकीपर वोजिन्हा।
2010 के चैंपियन स्पेन के सामने वोजिन्हा दीवार बनकर खड़े हो गए और जिसे लामिने यमाल, फेरान टोरेस जैसे सितारे भी नहीं तोड़ सके। केप वर्डे ने स्पेन को गोलरहित ड्रॉ पर रोक दिया। स्पेन के विरुद्ध मुकाबले से पहले इंस्टाग्राम पर वोजिन्हा के केवल 50 हजार प्रशंसक थे, जिनकी संख्या अब एक करोड़ 30 लाख को पार गई है।
FIFA World Cup 2026 में छाप छोड़ने वाले खिलाड़ी-
लिवानो कोमेनेंसिया
केवल 1.5 लाख की आबादी वाले कुराकाओ के लिवानो कोमेनेंसिया भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। उन्होंने विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने वाले सबसे छोटे देश की तरफ से पहला गोल किया। कुराकाओ के प्रशंसकों को शायद जर्मनी के हाथों अपनी टीम की 7-1 से मिली करारी हार याद न हो लेकिन उन्हें कोमेनेंसिया का गोल हमेशा याद रहेगा।
बोलेम खौखी
कतर के बोलेम खौखी ने भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। इस 35 वर्षीय सेंटर बैक को भले ही गोल का श्रेय नहीं मिलेगा, लेकिन उनकी बदौलत ही कतर ने स्विट्जरलैंड के विरुद्ध मैच ड्रॉ कराया। खौखी ने स्विस मिडफील्डर मिरो मुहेम के साथ मिलकर गेंद पर नियंत्रण बनाने के लिए छलांग लगाई। इस तरह से उन्होंने मुहेम को आत्मघाती गोल करने के लिए मजबूर किया।
जोवो लुकिच
बोस्निया और हर्जेगोविना के जोवो लुकिच ने कनाडा के विरुद्ध शुरुआती मैच से पहले अपने देश के लिए कभी गोल नहीं किया था। कुछ खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण उन्हें इस मैच में खेलने का मौका मिला और वह गोल करने में सफल रहे।
इमाम अशूर
मिस्र के इमाम अशूर ने भी विश्व कप मैच में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना पहला गोल किया। उनके शानदार गोल से मिस्र ने यूरोपीय दिग्गज बेल्जियम को 1-1 से बराबरी पर रोका।
यह भी पढ़ें- क्या है लीगेसी बैज? लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इसे क्यों पहना?
यह भी पढ़ें- Czechia vs South Africa Today’s Match: चेकिया और द. अफ्रीका के लिए ‘करो या मरो’ की जंग

