विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

FIFA World Cup 2026: हैरी केन ने इंग्लैंड के लिए लिखा नया इतिहास, विश्व कप में खास लिस्ट में टॉप पर पहुंचे

Updated: Thu, 18 Jun 2026 10:30 PM (IST)

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में क्रोएशिया के खिलाफ इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने खेलते हुए इतिहास रच दिया है। वे खास लिस्ट में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।

हैरी केन

हैरी केन

HighLights

  1. हैरी केन ने दो गोल दाग रचा इतिहास

  2. इंग्लैंड ने क्रोएशिया को हराया

  3. इंग्लैंड ने क्रोएशिया को हराकर हासिल किया ग्रुप में शीर्ष स्थान

एपी, अर्लिंगटन। इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने दो गोल मारते हुए इंग्लैंड को क्रोएशिया पर जीत दिला दी। बुधवार देर रात अमेरिका का अर्लिंगटन शहर में खेले गए इस मुकाबले को इंग्लैंड ने 4-2 से अपने नाम किया। हैरी केन अब इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा विश्व कप गोल करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर आ गए हैं।

फीफा विश्व कप में उन्होंने गैरी लिनेकर के बराबर, दस गोल कर दिए हैं। इस मैच में इंग्लैंड के लिए जूड बेलिंगम और मार्कस रैशफोर्ड ने भी गोल किए जबकि क्रोएशिया के लिए मार्टिन बतुरिना और पीटर मूसा ने एक-एक गोल किया।

हैरी केन पेनाल्टी पर दागा गोल

इंग्लैंड के पहले गोल में क्रोएशिया के सीनियर मिडफील्डर लूका मोड्रिक का भी योगदान रहा, जिन्होंने अपने बॉक्स के अंदर इंग्लैंड के फारवर्ड नोनी मदुएके को पैर मार दिया। रेफरी ने तुरंत ही पेनाल्टी का इशारा किया। 12वें मिनट में हैरी केन द्वारा ली गई पहली पेनाल्टी तो क्रोएशिया के गोलकीपर डोमिनिक लिवाकोविच ने बचा ली लेकिन रेफरी ने इसे अमान्य करार दे दिया क्योंकि केन के शॉट लेने से पहले ही लिवाकोविच गोल लाइन से आगे निकल आए थे।

केन ने यह पेनाल्टी दूसरी बार भी गोल के उसी हिस्से में मारी और इस बार लिवाकोविच दूसरी ओर कूद गए। क्रोएशिया के बतुरिना ने 36वें मिनट में एक सुंदर गोल के जरिए स्कोर बराबर कर दिया। उन्होंने भागते हुए आकर बॉक्स के बाहर से ही करारा शॉट जमा गेंद को गोल में भेजा लेकिन इंग्लैंड ने जल्दी ही फिर से बढ़त ले ली। ये गोल भी हैरी केन के ही खाते में गया।

केन ने हेडर के जरिए दागा दूसरा गोल

डेक्लान राइस के कॉर्नर पर उन्होंने बेहतरीन हेडर मारते हुए स्कोर 2-1 कर दिया। क्रोएशिया के डिफेंडर इस कॉर्नर के वक्त केन के आसपास भी नहीं थे और उन्होंने इस मौके का पूरा फायदा उठाया। मैच के 42वें मिनट में आए इस गोल से पिछड़ने के बाद भी क्रोएशिया ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने पहले हाफ के अतिरिक्त मिनट में फिर बराबरी कर ली।

45+5 वें मिनट में पीटर मूसा ने इवान पेरिसिच के निस्वार्थ भाव से दिए हेडेड पास को गोल में बदला। पहले हाफ की समाप्ति पर दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर थीं और दूसरा हाफ शुरू होते ही इंग्लैंड फिर आगे निकल गया। इस बार अंग्रेजों के लिए गोल करने वाले खिलाड़ी रहे मिडफील्डर जूड बेलिंगम। बेलिंगम ने एलियट एंडरसन द्वारा दिए गए लॉन्ग पास को थामा और डिफेंडर्स से दूर रहते हुए ना सिर्फ गोल बॉक्स के अंदर पहुंचे बल्कि वहां भी बिना किसी मदद के गेंद को गोल में धकेल दिया।

हैरी केन पहले स्थान पर पहुंचे

मैच के 47वें मिनट में आए इस गोल ने क्रोएशिया के हौसलों पर बड़ी चोट की। वह इससे उबर नहीं पाए और फिर 85वें मिनट में मार्कस रैशफर्ड ने इंग्लैंड का चौथा गोल मार मैच ही खत्म कर दिया। नंबर गेम-10 गोल के साथ हैरी केन के नाम अब विश्व कप में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा गोल हो गए, उन्होंने गैरी लिनेकर की बराबरी कर ली है।

यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: विश्व कप में गुमनाम खिलाड़ी भी छोड़ रहे हैं छाप, 1.5 लाख की आबादी वाले देश के प्लेयर ने मचाया तहलका

यह भी पढ़ें- क्‍या है लीगेसी बैज? लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने फीफा वर्ल्‍ड कप 2026 में इसे क्‍यों पहना?