FIFA World Cup 2026: इक्वाडोर ने किया बड़ा उलटफेर, जर्मनी को पटक बनाई नॉकआउट दौर में जगह
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इक्वाडोर ने जर्मनी को 2-1 से हराकर बड़ा उलटफेर किया और नॉकआउट दौर में जगह बनाई। जर्मनी ने शुरुआती बढ़त ली थी, लेकिन इक्वाडोर न ...और पढ़ें

इक्वाडोर ने हासिल की शानदार जीत
HighLights
इक्वाडोर ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जर्मनी को 2-1 से हराया
इस जीत के साथ इक्वाडोर नॉकआउट दौर में पहुंचा
जर्मनी ने शुरुआती बढ़त ली, इक्वाडोर ने शानदार वापसी की
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप-2026 में गुरुवार रात एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। न्यू जर्सी में खेले गए ग्रुप-ई के मैच में इक्वाडोर ने पूर्व विजेता जर्मनी को 2-1 से मात देते हुए नॉकआउट दौर में जगह बना ली है। अगले दौर में उसका मुकाबला इंग्लैंड से हो सकता है।
जर्मनी जैसी मजबूत टीम के खिलाफ इक्वाडोर की जीत की उम्मीद किसी को नहीं थी। जर्मनी ने बढ़त लेते हुए अपना दावा मजबूत कर लिया था, लेकिन इक्वाडोर ने वापसी की और 2014 के विजेता को एक गोल के अंतर से हराते हुए पूरे विश्व को हैरान कर दिया। हर ग्रुप से सिर्फ दो टीम ही अगले दौर में जा सकती हैं, लेकिन इसके अलावा सभी ग्रुप में से तीसरे स्थान की सर्वश्रेष्ठ टीम को भी नॉकआउट दौर का टिकट मिलेगा और इक्वाडोर ने तीसरे स्थान की बेस्ट टीम के तौर पर ये टिकट हासिल किया है।
साने ने दिलाई बढ़त
जर्मनी अपने आक्रामक खेल के लिए जानी जाती है और उसने शुरुआत से ही अपना रुतबा दिखा दिया। महज दूसरे मिनट में ही लेरॉय साने ने गोल करते हुए जर्मनी को आगे कर दिया। फ्लोरियान वर्ट्ज के शानदार पास पर साने ने ये गोल किया। इस गोल के विरोध में इक्वाडोर ने प्रदर्शन भी किया। उनका कहना था कि यहां रेफरी को एलेक्जेंडर पावलोविच के पेड्रो विटे को जूता मारने पर उन्हें फाउल देना चाहिए था। हालांकि रेफरी ने उनकी एक न सुनी।
इक्वाडोर इस बात से आग बबूला हो गई थी और इसका असर उसके खेल में दिखा। ये टीम पहले से ज्यादा आक्रामक होकर खेलने लगी जिसका नुकसान जर्मनी को सात मिनट बाद ही हो गया। नौवें मिनट में इक्वाडोर ने बराबरी का गोल दाग दिया। सुंदरलैंड निलसन अंगुलो ने शानदार किक मारी और गेंद को नेट में डाल दिया।
खबरें और भी
दूसरे हाफ में दिखाया दम
पहले हाफ का अंत 1-1 की बराबरी के साथ हुआ, लेकिन दूसरे हाफ में इक्वाडोर की टीम पहले से ज्यादा जुनून के साथ उतरी थी। उसे जीत की खुशबू आ रही थी और उसने अपने खेल से इसे हासिल भी किया। मैच खत्म होने में 13 मिनट का समय बाकी था। तभी इक्वाडोर को कॉर्नर मिला और यहां जर्मनी के गोलकीपर कुछ समझ पाते उससे पहले गोंजालो प्लाटा ने गेंद को गोलपोस्ट के अंदर भेज इक्वाडोर को 2-1 से आगे कर दिया।
आखिरी मिनटों में जर्मनी की टीम बराबरी के लिए तड़पती रही, लेकिन इक्वाडोर ने उसे बराबरी का गोल नहीं करने दिया और अगले दौर में जगह बनाई।
यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: दक्षिण अफ्रीका और कनाडा ने रचा इतिहास, बड़ी जीत के साथ अंतिम-32 में मोरक्को
यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: 981 दिन बाद ब्राजील के लिए खेलने पर फूट फूटकर रोए Neymar, फैंस ने यूं बढ़ाया हौसला