आने वाले समय में फिल्म लेकर आएंगे सिंगर Lucky Ali, बताया गाने से पहले कैसे करते हैं खुद को तैयार
गायक लकी अली ने स्टेज पर जाने से पहले अपनी आदतों का खुलासा किया, जिसमें अदरक और शहद का सेवन ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
दीपेश पांडेय, मुंबई। हर कलाकार की कुछ आदतें होती हैं, कुछ नियम होते हैं, जिन्हें वह स्टेज पर जाने से पहले जरूर करते हैं। ओ सनम.. और एक पल का जीना.. जैसे कई सुपरहिट गाने गा चुके लकी अली की भी ऐसी कुछ आदतें हैं। इन दिनों इंडिपेंडेंट गाने बनाने के साथ खूब म्यूजिक कंसर्ट कर रहे लकी स्टेज पर जाने से पहले अपनी उन आदतों के बारे में बताते हैं, ‘अदरक और शहद मेरे लिए बहुत आवश्यक चीज है।
लाइव गाने से पहले कैसे करते हैं तैयारी?
यह दोनों चीजें मेरे पास होना ही चाहिए। हम लाइव गाते हैं, तो हमारे गले में काफी खिंचाव होता है, इससे राहत पाने के लिए अदरक और शहद बहुत मदद करता है। इसके अलावा स्टेज पर जाने से पहले अपने बैंड के साथ बैठकर हम यह तय करते हैं कि हम यहां अपने लिए बजा या परफार्म कर रहे हैं। जब हम अपने लिए, अपने मन के लिए बजाते हैं तो सभी को सुनने में अच्छा लगता है। हमारे दिल में जो होता है, वही दर्शकों के सामने प्रस्तुत करते हैं।’
-1776591329105.jpg)
यह भी पढ़ें- 'फिल्मों में गाने का मजा नहीं,' गायिकी को लेकर Lucky Ali की दो टूक, अरिजीत के संन्यास पर किया रिएक्ट
आते नहीं एक्टिंग के ऑफर
लकी ने सुर : द मेलोडी आफ लाइफ, कांटे, कसक और गुड लक फिल्मों में अभिनय भी किया। फिर पिछले करीब 15 वर्षों से ज्यादा समय से अभिनय से दूरी बनाए हुए हैं। वह कहते हैं, ‘अब तो मैं एक्टिंग को लेकर किसी आफर पर बात ही नहीं करता और अब उतने आफर आते भी नहीं हैं। बीच में एक-दो आए थे, लेकिन मैंने उन्हें इन्कार कर दिया। अगर फिल्म बनानी है तो हम खुद बनाएंगे, जब दिल होगा तो। मगर, अभी तो मैं इस झमेले का हिस्सा नहीं बनना चाहता हूं, जो सिनेमा इंडस्ट्री में हैं। आज जिस हिसाब से फिल्में बन रही हैं, उसके अनुसार, तो मैं वो फिल्म नहीं बना पाउंगा, जो मैं बनाना चाहता हूं।’
कब फिल्म लेकर आएंगे लकी अली
भविष्य में क्या फिल्म निर्माण के बारे में कोई ठोस इरादा है? इस पर लकी कहते हैं, ‘हमारा परिवार फिल्मों से जुड़ा रहा है, तो जाहिर सी बात है कि हमारे परिवार में कोई न कोई तो फिल्म बनाएगा ही। अब मैं बनाऊंगा या तो मेरा छोटा भाई बनाएगा या मेरे भतीजे अथवा मेरे बच्चे बनाएंगे, ये नहीं बता सकता हूं। हालांकि, कुछ न कुछ तो सिनेमा बनेगा, अब यह डाक्यूमेंट्री, माक्यूमेंट्री, फीचर फिल्म या वेब सीरीज कुछ भी हो सकती है। हम लोग इस बारे में सोचते रहते हैं कि किन प्रोजेक्ट्स पर आगे काम करने की संभावनाएं हैं। वक्त आएगा तो हम करेगें। इसके अलावा भी हमारे पास करने के लिए बहुत सारी चीजें हैं।’
