विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिग्गज बंगाली फिल्मेकर Raja Sen का निधन, जया बच्चन को भी कर चुके हैं डायरेक्ट

Updated: Sun, 16 Aug 2026 03:35 PM (IST)

अनुभवी बंगाली फिल्म निर्माता राजा सेन का 71 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्हें 'दमु' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था और उन्होंने जया बच्चन को भी निर्देशित किया था।

News Article Hero Image

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली फिल्म 'दमु' के लिए मशहूर अनुभवी बंगाली फिल्ममेकर राजा सेन (Raja Sen) का रविवार लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 71 साल के थे। सूत्रों ने बताया कि सेन का SSKM अस्पताल में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज चल रहा था और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे।

पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, राजा सेन का SSKM अस्पताल में कई स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज चल रहा था और वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में फेफड़ों, दिल और किडनी पर असर डालने वाली जटिलताओं के कारण उनकी हालत बिगड़ गई थी।

किडनी और फेंफडों से जुड़ी समस्या थी

फिल्म निर्माता को सबसे पहले पीठ के निचले हिस्से में चोट लगने के बाद एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। खबरों के अनुसार, इलाज के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें फेफड़ों और दिल से जुड़ी समस्याएं हो गईं। बाद में उन्हें SSKM अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें किडनी से जुड़ी समस्याएं भी हो गईं।

Raja (9)

डॉक्यूमेंट्रीज के लिए भी किया है काम

राजा सेन ने 1996 में 'दमु' फिल्म के साथ फीचर फिल्म बनाने का सफर शुरू किया था। एक युवा लड़के और हाथी के बीच के रिश्ते पर आधारित इस फिल्म ने 'बेस्ट चिल्ड्रन्स फिल्म' का नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीता और उन्हें बंगाली सिनेमा में एक अहम पहचान दिलाई। सालों तक उन्होंने फीचर फिल्मों, टेलीविजन और डॉक्यूमेंट्रीज में काम किया। उनकी शानदार फिल्मों में 'आत्मीयो स्वजन', 'देश', 'देबीपक्ष', 'कृष्णकांतर विल', 'लैबोरेटरी' और 'माया मृदंग' जैसी फिल्में शामिल हैं।

उनकी 2002 की फिल्म 'देश' में जया बच्चन और अभिषेक बच्चन ने काम किया था। राजा सेन ने डॉक्यूमेंट्री फिल्म-मेकिंग में भी हाथ आजमाया और कई मशहूर हस्तियों व सांस्कृतिक दिग्गजों पर फिल्में बनाईं, जिनमें मशहूर रवींद्र संगीत गायिका सुचित्रा मित्रा भी शामिल थीं।

यह भी पढ़ें- 20 अगस्त से शुरू होने जा रहा है जागरण फिल्म फेस्टिवल, दिल्ली के 'दिल' जनपथ में 4 दिन लगेगा सिनेमा का मेला

यह भी पढ़ें- 90 साल पहले अंग्रेज डायरेक्टर ने बनाई थी भारत की पहली देशभक्ति फिल्म, सुपरहिट रही थी Ashok Kumar की मूवी