Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में जलभराव ने फिर ली जान: अलीपुर में खेलने गए दो बच्चों की गड्ढे में डूबकर मौत

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 07:47 PM (IST)

    दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र के मुखमेलपुर गांव में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे खेलने के दौरान खाली प्लॉट में ब ...और पढ़ें

    दिल्ली के अलीपुर में दो बच्चों की डूबने से मौत।

    दिल्ली के अलीपुर में दो बच्चों की डूबने से मौत।

    HighLights

    1. अलीपुर के मुखमेलपुर गांव में दो बच्चों की डूबकर मौत।

    2. खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में गिरे मासूम बच्चे।

    3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

    जागरण संवाददाता , बाहरी दिल्ली। अलीपुर थाना इलाके के मुखमेलपुर गांव के समीप जिंदपुर उत्तराखंड कॉलोनी में पानी से लबालब भरे गड्ढे में डूब कर दो बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान लगभग 8 वर्षीय आयुष और 10 वर्षीय नितेश के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों बच्चे खेलने के लिए खेत की तरफ गए थे, जहां यह हादसा हुआ।

    प्रारंभिक जांच में पता चला है कि खेत में खोदे गए लगभग 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से दोनों बच्चों की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

    पुलिस के मुताबिक रविवार शाम 6:00 बजे मुखमेलपुर गांव में हिरंकी रोड के पास दो नाबालिग बच्चों के डूबने की सूचना पीसीआर कॉल से प्राप्त हुई थी । जांच करवाई में पता चला आयुष और नितेश अपने अन्य दोस्तों के साथ घर के समीप एक खेत के आस-पास खेल रहे थे।

    इसी दौरान अचानक दोनों बच्चों का पैर फिसल गया और वे खेत में बने एक गहरे गड्ढे में जा गिरे। बताया जाता है हाल ही में हुई बारिश के कारण उस गड्ढे में भारी मात्रा में पानी जमा हो रखा था। गड्ढा गहरा होने और पानी लबालब भरे होने के कारण दोनों बच्चे चंद मिनटों में ही डूबने लगे।

    इसी दौरान शोरगुल होने पर दोनों बच्चों को डूबता देख उनके साथ खेल रहे एक तीसरे बच्चे ने तेज आवाज में चिल्लाना शुरू कर दिया । बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

    इस दौरान वहां मौजूद एक स्थानीय युवक ने अपनी जान की परवाह नहीं करते हुए उस गहरे गड्ढे में छलांग लगा दी। बाद में वह दोनों बच्चों को पानी के अंदर से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को नरेला स्थित हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया।

    खबरें और भी

    आयुष का परिवार दिन में ही खाटू श्याम दर्शन करके घर लौटा

    एक रिश्तेदार ने बताया की मृतक आयुष का परिवार दिन में ही खाटू श्याम दर्शन करके घर लौटा था। मृतक आयुष अपने पिता मोतीचंद और मां के साथ रहता था। पड़ोस में ही मृतक नितेश अपने पिता कन्हैया, मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहता था।

    ज्ञात हो इसी तरह समयपुर बादली के संजय कॉलोनी में भारी बारिश के कारण हुए जलभराव की वजह से पिछले दिनों एक 7 साल के रेहान की मौत हो गई थी। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अलीपुर थाने में धारा 106 बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया लापरवाही का संदेह है।

    खेत में खोदे गए थे गहरे गड्ढे

    जांच में पता चला कि बारिश का पानी खेतों में जमा होने से फसल खराब न हो, इसके लिए किसानों ने खेतों के समीप कई गहरे गड्ढे खोद दिए हैं, ताकि बारिश का पानी खेतों से निकालकर इन गड्ढों में भरा जा सके। पुलिस अब यह पता लगा रही कि जहां हादसा हुआ है, उस खेत का मालिक कौन है। इस बारे में आसपड़ोस के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

    परिवार में मातम का माहौल

    इस हादसे के बाद से ही दोनों परिवार में मातम का माहौल छाया हुआ है। इनके माता-पिता समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे के बाद से दोनों बच्चों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और स्थानीय निवासियों में आक्रोश है।

    स्थानीय एक निवासी ने बताया कि बारिश के मौसम में होने वाले जलभराव और खुले गड्ढों की लापरवाही के चलते दो बच्चों की जान चली गई। इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कारवाई की जानी चाहिए।

    यह भी पढ़ें- राजौरी गार्डन में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ली पैदल यात्री की जान, आरोपी गिरफ्तार