राजौरी गार्डन में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ली पैदल यात्री की जान, आरोपी गिरफ्तार
राजौरी गार्डन में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पैदल जा रहे उदय कुमार को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने चश्मदीद की मदद से आरोपी चालक देवां ...और पढ़ें

राजौरी गार्डन में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ली युवक की जान।
HighLights
राजौरी गार्डन में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पैदल यात्री को कुचला।
हादसे में 45 वर्षीय उदय कुमार की मौके पर मौत हो गई।
चश्मदीद की मदद से आरोपी चालक देवांश कुमार गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। राजौरी गार्डन थाना क्षेत्र में हिट एंड रन का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां तेज रफ्तार स्कार्पियो कार ने सड़क पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। हालांकि, चश्मदीद की सूझबूझ से पुलिस ने आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
घटना 11 जुलाई की है। ख्याला के रहने वाले उदय कुमार (उम्र 45 वर्ष) राजौरी गार्डन की एक निजी दुकान में काम करते थे। वह शादीशुदा थे और उनके दो बच्चे हैं। घटना के समय वह दुकान बंद होने के बाद अपने साथी कर्मचारी और दोस्त सुभाष कुमार (निवासी रघुबीर नगर) के साथ पैदल ही घर लौट रहे थे।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उदय को जोरदार टक्कर मारी
जब वे दोनों राजौरी गार्डन स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने उदय कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उदय गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। घायल उदय को उनका दोस्त सुभाष तुरंत पास के अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद राजौरी गार्डन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
चश्मदीद की गवाही से खुली आरोपित की पोल
हादसे के वक्त उदय के साथ मौजूद उनके दोस्त सुभाष ने भागती हुई स्कार्पियो कार का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया था। पुलिस की क्राइम टीम ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया। चश्मदीद सुभाष के बयान और गाड़ी के नंबर के आधार पर राजौरी गार्डन थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत प्राथमिकी की।
खबरें और भी
मामले की तफ्तीश को आगे बढ़ाते हुए राजौरी गार्डन पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और गाड़ी के नंबर की मदद से आरोपित चालक को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपित का नाम देवांश कुमार है जो दिल्ली के नारायणा विहार का रहने वाला है। पुलिस ने हादसे को अंजाम देने वाली स्कार्पियो कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।