न्याय की आस में दिल्ली लौटेंगे तन्वी के पिता, डॉ. सचिन तलवार समेत AIIMS डॉक्टरों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की तैयारी
14 साल तक सर्जरी का इंतजार करने वाली तन्वी की मौत के बाद उनके पिता मुकेश परियानी कानूनी कार्रवाई की तैयारी में हैं।

दिल्ली एम्स की फाइल फोटो।
HighLights
पिता मुकेश परियानी एम्स डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे।
डॉ. सचिन तलवार समेत सभी संबंधित डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग।
राष्ट्रपति, पीएमओ, स्वास्थ्य मंत्री से न्याय की गुहार लगाएंगे।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। एम्स में 14 साल तक सर्जरी की प्रतीक्षा करने वाली 15 वर्षीय तन्वी की मौत के मामले में अब उसके पिता मुकेश परियानी कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुट गए हैं।
उन्होंने बताया कि मंगलवार आठ सितंबर को दिल्ली लौटकर डॉ. सचिन तलवार समेत एम्स के सभी संबंधित डाक्टरों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
इसके साथ ही राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से न्याय की मांग करेंगे।
तन्वी की एक सितंबर को एम्स में मौत हुई थी। मौत का कारण हाइपोक्सिक स्पेल व कार्डियक अरेस्ट (शरीर में आक्सीजन की कमी और हृदय गति रुकना) बताया गया है।
पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है, रिपोर्ट मामले की जांच कर रही एम्स की उच्चस्तरीय जांच समिति को सौंपी जाएगी। एम्स की जांच समिति वर्ष 2012 से 2026 तक के उपचार रिकार्ड, ओपीडी, जांच रिपोर्ट, उपचार प्रक्रिया, विशेषज्ञों की राय, सर्जरी में देरी, मौत की परिस्थितियों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की समीक्षा कर रही है।
पिता का आरोप, कार्रवाई तक समिति का क्या फायदा
मुकेश परियानी का आरोप है कि 2014 में सर्जरी के लिए रक्त और पैसे जमा कराने के बावजूद आपरेशन नहीं हुआ और तारीखें टलती रहीं। उनका आरोप है कि प्रधानमंत्री कार्यालय में शिकायत के बाद भी डॉ. तलवार ने सर्जरी से मना कर दिया। उन्होंने कहा, 'जब तक एक्शन नहीं होगा, समिति की जांच का क्या फायदा'।
उनके आरोप पर डॉ. तलवार का कहना है कि वह कोई भी जानकारी देने के लिए अधिकृत नहीं हैं, एम्स प्रशासन ही जानकारी देगा। कहा कि कुछ गलत नहीं हुआ और जो हुआ, उसके सभी दस्तावेजी प्रमाण हैं।
यह भी पढ़ें- 14 साल से सर्जरी की प्रतीक्षा में तन्वी की मौत पर पिता ने लगाए आरोप, एम्स ने जांच के लिए गठित की समिति
