दिल्ली के स्वरूप नगर में एक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, घबराकर छत से कूदे 6 लोग घायल
बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी में एक गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे ग्राउंड और पहली ...और पढ़ें
HighLights
स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी में गोदाम में भीषण आग।
आग से बचने के लिए 6 लोगों ने इमारत से लगाई छलांग।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालत खतरे से बाहर।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली के स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी स्थित गली नंबर-2 में रविवार सुबह एक गोदाम में भीषण आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
वहीं, गोदाम की बिल्डिंग का ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर आग की चपेट में आ गया। आग से बचने के लिए पास की इमारत में रह रहे लोगों ने घबराकर घरों से छलांग लगा दी, जिससे छह लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची दमकल की 15 गाड़ियां
दमकल विभाग के अनुसार, आग की सूचना सुबह करीब 11:05 बजे मिली। इसके बाद दमकल की तीन एसडब्ल्यूटी और चार वाटर बाउजर समेत अन्य गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग बढ़ने पर अतिरिक्त दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचे और करीब 11:30 बजे तक कुल 15 दमकल वाहन आग बुझाने में जुट गए।
बताया गया कि दमकलकर्मियों ने करीब 1:50 बजे आग को नियंत्रण में कर लिया। इसके बाद दो गाड़ियों को छोड़कर बाकी सभी यूनिट वापस भेज दी गईं।
फैक्ट्री में बनते हैं बॉक्सिंग ग्लव्स
पुलिस के अनुसार, आग खसरा नंबर 357/58 स्थित उस परिसर में लगी थी, जहां जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने का काम होता था।
कपास की वेबिंग के गोदाम में लगी आग
दमकल विभाग के मुताबिक, आग रेक्सिन की कतरन और कपास की वेबिंग के गोदाम में लगी थी। इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड, पहली मंजिल और दूसरी मंजिल पर टिन शेड बना हुआ था।
घायलों के नाम
वहीं, घायलों की पहचान प्रियंका (28), उनकी बेटियां वंशिका (8) और वानी (5), संतोष (33), उनकी बेटी तन्वी (8) और विजय के रूप में हुई है। पांच घायलों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल और एक को सरकारी अस्पताल बुराड़ी ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार, आग में कोई व्यक्ति सीधे नहीं झुलसा, बल्कि घबराहट में छलांग लगाने से लोग घायल हुए।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में फ्लैट में लगी आग, कई लोग अंदर फंसे; 16 साल का किशोर नीचे कूदा
