3 साल तक जाम का रहेगा दर्द! कालकाजी फ्लाईओवर और मेट्रो निर्माण ने बढ़ाई दक्षिणी दिल्ली की मुश्किलें
दक्षिणी दिल्ली में कालकाजी फ्लाईओवर एक्सटेंशन और मेट्रो निर्माण कार्यों के कारण प्रमुख मार्गों पर भीषण जाम लग रहा है। ...और पढ़ें

दक्षिण दिल्ली वालों के लिए आफत बने निर्माण कार्य।
HighLights
कालकाजी फ्लाईओवर एक्सटेंशन और मेट्रो कार्य से दक्षिणी दिल्ली में जाम।
सड़कें संकरी होने और गलत दिशा से वाहनों का प्रवेश।
ब्रिक्स तैयारियों के कारण यातायात कर्मियों की कमी से समस्या बढ़ी।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। कालकाजी फ्लाईओवर की दूसरी लेन और मोदी मिल फ्लाईओवर तक इसके एक्सटेंशन का काम पिछले महीने ही शुरू हुआ। बैरिकेडिंग के चलते सड़क की दोनों लेन आधी-आधी रह गई है। ट्रैफिक दबाव और गलत दिशा से आ रहे वाहनों के कारण सुबह-शाम जाम की स्थिति बन रही है।
ओखला फेज-तीन, मथुरा रोड व जामिया की ओर से एयरपोर्ट जाने वालों को भीषण जाम का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति फ्लाईओवर एक्सटेंशन का काम पूरा होने तक यानी लगभग तीन वर्षों तक बनी रहेगी। वहीं दूसरी ओर एमबी रोड और लाल बहादुर शास्त्री (बीआरटी) रोड भी मेट्रो निर्माण कार्य के चलते प्रभावित हैं। सड़कें वहां भी संकरी हैं। इसके चलते सुबह-शाम मोदी मिल नहीं, पूरी दक्षिणी दिल्ली जाम की समस्या झेल रही है।
आउटर रिंग रोड पर मोदी मिल की ओर से आने पर कालकाजी फ्लाईओवर के आगे भैरव मंदिर के पास बाटलनेक है। मां आनंदमयी मार्ग, मोदी मिल और नेहरू प्लेस से यूटर्न लेकर आने वाला ट्रैफिक एक साथ आगे बढ़ता है। भैरव मंदिर के पास दर्शनार्थियों के वाहन पार्क रहने के चलते चार लेन की सड़क एक लेन की बचती है। इतना ही नहीं इसके ठीक आगे तीन तीन पेट्रोल पंप और उन पर सीएनजी के लिए वाहनों की लंबी कतार भी लगभग 300 मीटर तक बाटलनेक बनाए रखती है, जो जाम की समस्या को और बढ़ा देती है।
एमबी रोड व बीआरटी रोड पर भी निर्माण कार्य
आउटर रिंग रोड के साथ ही दक्षिणी दिल्ली के दो अन्य महत्वपूर्ण सड़कों पर भी काम चल रहा है। महरौली से बदरपुर रोड पर पिछले तीन वर्ष से तो वहीं लाल बहादुर शास्त्री रोड पर लाजपत नगर से खानपुर तक पिछले छह महीने से मेट्रो लाइन का काम चल रहा है। पिलर का काम करने के लिए जगह-जगह डिवाइडर के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई है।
इसके चलते तीनों मार्गों पर सड़कों की चौड़ाई लगभग आधी रह गई है। ट्रैफिक का दबाव अधिक होने से लाल बत्ती पर नियमों का पालन भी नहीं हो पा रहा है। वहीं गलत दिशा से आ रहे वाहन भी जाम की वजह बन रहे हैं। प्रमुख प्वाइंट पर ट्रैफिक कर्मियों की कमी के चलते कई बार जाम खुलने में आधे से एक घंटे तक लग जा रहे हैं।
दक्षिणी दिल्ली में प्रमुख मार्गों पर निर्माण कार्य के चलते जाम की समस्या है। सुबह-शाम अधिक दबाव वाले प्वाइंट पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। वर्तमान में ब्रिक्स की तैयारियों में ट्रैफिक कर्मियों को लगाया गया है। इसके चलते व्यवस्था प्रभावित है। आयोजन के बाद इसे बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा। - संदीप गुप्ता, पुलिस उपायुक्त यातायात, दक्षिणी दिल्ली रेंज
यह भी पढ़ें- सत्य निकेतन हादसा: AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती चार में से दो मरीज डिस्चार्ज, एक की हालत गंभीर
