'एक करोड़ युवाओं को फ्री AI ट्रेनिंग और मुफ्त कोचिंग', लाल किले से पीएम मोदी का Gen Z को तोहफा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से 13वीं बार देश को संबोधित करते हुए युवाओं, खासकर जेनजी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जेनजी से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने और 'दिमागी नक्सलियों' से दूर रहने की अपील की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्री कोचिंग योजना के साथ ही अगले एक साल में एक करोड़ युवाओं को एआई ट्रेनिंग देने की भी घोषणा की। वीडियो ग्रैब
HighLights
पीएम मोदी ने लाल किले से 13वीं बार देश को संबोधित किया।
जेनजी से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
युवाओं को 'दिमागी नक्सलियों' से दूर रहने की सलाह दी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लाल किले की प्राचीर से देश को 13वीं बार संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जेनजी से विशेष अपील करते हुए उनसे राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
उन्होंने सलाह दी कि आज जब नक्सलियों का हिंसक दौर समाप्त हो चुका है तो कुछ दिमागी नक्सली षड्यंत्र रच रहे हैं। ऐसे में उन लोगों से देश के युवाओं को बचने की आवश्कता है।
साथ ही, कॉम्पिटेटिव एग्जाम्स (प्रतियोगी परीक्षाएं) की तैयारी करने के लिए फ्री कोचिंग योजना के साथ ही अगले एक साल में एक करोड़ युवाओं को एआई ट्रेनिंग देने की भी घोषणा की।
मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने का वादा
पीएम मोदी ने लाल किले से चेतावनी देते हुए कहा, 'दिमागी नक्सल अब भी मौके की तलाश में है। हमें दिमागी नक्सलियों को पहचानना होगा।' इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारत के युवाओं के लिए एक बड़ी पहल की घोषणा की।
उन्होंने एक साल के भीतर एक करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) स्किल ट्रेनिंग देने और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने का वादा किया।
एक करोड़ युवाओं को एआई स्किल ट्रेनिंग देंगे
80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सबसे बड़ा लाभार्थी युवा वर्ग होगा।
उन्होंने कहा, 'विकसित भारत की यात्रा में युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है। आज लाल किले की प्राचीर से मैं देश के युवाओं के लिए एक घोषणा करना चाहता हूं। हमने संकल्प लिया है कि आने वाले एक साल में हम एक करोड़ युवाओं को एआई स्किल ट्रेनिंग देंगे, ताकि हमारे देश के युवाओं में एआई के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करने की क्षमता हो।'
कम करेंगे निजी कोचिंग का आर्थिक बोझ
गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर निजी कोचिंग के आर्थिक बोझ को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने विभिन्न परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि कोचिंग क्लासेस गरीब और मध्यम वर्ग पर भारी बोझ बन गई हैं और सरकार इस दबाव को कम करने के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराएगी। ये घोषणाएं जेनजी और जेन अल्फा को भविष्य के लिए तैयार स्किल्स से लैस करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की लागत कम करने के उद्देश्य से की गई हैं।

