Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    NCR में प्रदूषण पर सीएक्यूएम का शिकंजा: 123 स्थानों पर नियमों का उल्लंघन, कड़ी कार्रवाई जारी

    Updated: Tue, 24 Feb 2026 10:55 PM (IST)

    राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए सीएक्यूएम की प्रवर्तन टास्क फोर्स ने 4 से 18 फरवरी के दौरान 318 निरीक्षण किए। इनमें 123 औद् ...और पढ़ें

    सीएक्यूएम के उड़न दस्ते ने एनसीआर में कुल 318 निरीक्षण किए।

    सीएक्यूएम के उड़न दस्ते ने एनसीआर में कुल 318 निरीक्षण किए।

    HighLights

    1. सीएक्यूएम ने 318 निरीक्षणों में 123 उल्लंघन पाए।

    2. 39 इकाइयों को बंद करने, 10 डीजी सेट सील करने की सिफारिश।

    3. सड़क की धूल नियंत्रण पर विशेष जोर दिया गया।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु गुणवत्ता के गिरते स्तर को सुधारने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की प्रवर्तन टास्क फोर्स (ईटीएफ) की 126वीं बैठक मंगलवार को हुई। इसमें पिछले 14 दिनों (चार से 18 फरवरी) के दौरान की गई निरीक्षण गतिविधियों और प्रवर्तन कार्रवाइयों की व्यापक समीक्षा की गई।

    निरीक्षण और उल्लंघन के आंकड़े

    बैठक के दौरान बताया गया कि आयोग के उड़न दस्ते ने एनसीआर में कुल 318 निरीक्षण किए। इनमें औद्योगिक इकाइयों, निर्माण और विध्वंस (सीएंडडी) स्थलों और डीजल जेनरेटर (डीजी) सेटों की जांच शामिल थी।

    -औद्योगिक क्षेत्र : सबसे अधिक 306 निरीक्षण औद्योगिक इकाइयों में किए गए, जिनमें से 123 मामलों में नियमों का उल्लंघन पाया गया।

    -निर्माण कार्य (सीएंडडी) : चार साइटों के निरीक्षण में सभी जगहों पर कमियां पाई गईं।

    -डीजी सेट : आठ निरीक्षणों में से चार मामलों में नियमों की अनदेखी रिपोर्ट की गई।

    कड़ी कार्रवाई : सीलिंग और कारण बताओ नोटिस

    वायु प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के खिलाफ आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा के आधार पर 39 इकाइयों को बंद करने, 10 इकाइयों के डीजल जेनरेटर सेटों को सील करने की सिफारिश की गई है। 15 इकाइयों को ''कारण बताओ नोटिस'' जारी किया गया है। 28 अन्य रिपोर्टों की वर्तमान में जांच चल रही है।

    धूल नियंत्रण पर जोर

    बैठक में सड़क की धूल को नियंत्रित करने के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। टास्क फोर्स ने मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग, पानी के छिड़काव और सड़कों के रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की। संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विशेष रूप से हाई ट्रैफिक कारिडोर और हाटस्पाट पर सतर्कता बढ़ाएं और धूल नियंत्रण उपायों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

    खबरें और भी

    अब तक की कुल कार्रवाई

    23 फरवरी 2026 तक के संचयी आंकड़ों के अनुसार, सीएक्यूएम के उड़न दस्ते अब तक कुल 26,328 इकाइयों और परियोजनाओं का निरीक्षण कर चुके हैं। गैर-अनुपालन के कारण 1,686 क्लोजर निर्देश जारी किए गए, जिनमें से 1,290 इकाइयों को अनुपालन सुनिश्चित करने के बाद फिर से शुरू करने की अनुमति दी गई है।

    आयोग ने स्पष्ट किया है कि एनसीआर में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए प्रवर्तन कार्रवाई और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

    यह भी पढ़ें- LG वी के सक्सेना ने राजस्व विभाग में 272 अतिरिक्त पदों के सृजन को दी मंजूरी, प्रशासन होगा मजबूत