वीडियो बनाकर युवती को किया ब्लैकमेल, सामूहिक दुष्कर्म के बाद सूरत ले जाकर देह व्यापार कराने का आरोप
नरेला में 19 वर्षीय युवती को दुष्कर्म का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया, फिर सामूहिक दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और सूरत में देह व्यापार के लिए मजबूर किया ...और पढ़ें

नरेला में 19 वर्षीय युवती को दुष्कर्म का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया।
HighLights
नरेला की युवती को दुष्कर्म वीडियो से ब्लैकमेल किया गया।
सामूहिक दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और देह व्यापार के लिए मजबूर।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की, आरोपी अभी तक फरार।
राजीव रंजन, बाहरी दिल्ली। नरेला में 19 वर्षीय युवती को पहले दुष्कर्म का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और फिर उसे लगातार डराकर शोषण करने का मामला उजागर हुआ है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपितों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात की दवा खिलाई और बाद में उसे सूरत ले जाकर होटलों में देह व्यापार के लिए भेजा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। आरोपितों के चंगुल से किसी तरह निकलकर नरेला पहुंची युवती ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता नरेला इलाके में रहती है। उसका कहना है कि उसके घर पर राजू नाम का व्यक्ति चालक के तौर पर काम करता था। आरोप है कि जनवरी में राजू उसे सिंघु बार्डर रोड स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। इसके बाद राजू और उसके एक साथी रोहित ने वीडियो के नाम पर उसे धमकाना शुरू कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि दोनों ने उत्तम नगर स्थित एक होटल में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उसे धमकी दी गई कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।
युवती ने पुलिस को बताया कि मार्च में वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि राजू उसे बादली स्थित घर ले गया, जहां उसकी पत्नी ने उसे जबरन गर्भपात की दवा खिला दी। इसके बाद राजू उसे सूरत ले गया। युवती का आरोप है कि वहां उसे होटलों में देह व्यापार के लिए भेजा जाता था और इस काम में राजू की पत्नी, साली और साले भी उसका साथ देते थे।
खबरें और भी
पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपित उसके साथ मारपीट करते थे। किसी तरह वह आरोपितों के चंगुल से निकलकर नरेला पहुंची और पुलिस को आपबीती बताई। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया। लेकिन कोई आरोपित नहीं पकड़ा गया है।