विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इबोला का हाई अलर्ट: भारत के सभी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा सख्त, हर यात्री की होगी सघन जांच

Published: Fri, 29 May 2026 03:44 AM (IST)Updated: Fri, 29 May 2026 06:55 AM (IST)

वैश्विक इबोला खतरे के मद्देनजर, भारत के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अब विदेश ...और पढ़ें

वैश्विक इबोला खतरे के मद्देनजर, भारत के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। फाइल फोटो

वैश्विक इबोला खतरे के मद्देनजर, भारत के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर इबोला के बढ़ते खतरों को देखते हुए एयरपोर्ट हेल्थ आर्गेनाइजेशन (एपीएचओ) ने देश के सभी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया है। एपीएचओ के अनुसार अब विदेश से आने वाले सभी यात्रियों की गहन चिकित्सा जांच की जा रही है।

पहले जहां यह जांच केवल अफ्रीका या प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों तक सीमित थी, वहीं अब नियमों में बदलाव करते हुए इसे सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अनिवार्य कर दिया गया है। अब दुनिया के किसी भी कोने से भारत पहुंचने वाले हर यात्री को इस सख्त सुरक्षा घेरे से गुजरना होगा।

थर्मल स्क्रीनिंग और सेल्फ-डिक्लेरेशन अनिवार्य 

नए प्रोटोकाल के तहत, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से उतरने वाले सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है, जो शरीर के तापमान (बुखार) को स्वचालित रूप से मापती है। इसके साथ ही, हर यात्री के लिए एक सेल्फ-डिक्लेरेशन फार्म भरना अनिवार्य कर दिया गया है।

इस फॉर्म में यात्रियों को व्यक्तिगत विवरण और संपर्क सूत्र से जुड़ी जानकारी देने के साथ साथ पिछले 21 दिनों का विस्तृत यात्रा इतिहास देना होता है। स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों (जैसे बुखार, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी या बदन दर्द) की वर्तमान स्थिति भी बतानी होती है।

संदिग्ध मिलने पर आरएमएल अस्पताल में आइसोलेशन 

एपीएचओ के अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान किसी यात्री का तापमान अधिक पाया जाता है या वह डिक्लेरेशन फॉर्म में किसी भी लक्षण की पुष्टि करता है, तो उसे तुरंत एयरपोर्ट पर ही आइसोलेट कर दिया जाएगा। ऐसे संदिग्ध यात्रियों को विशेष चिकित्सा प्रोटोकाल के तहत आरएमएल अस्पताल स्थित विशेष आइसोलेशन सेंटर में भेजा जाएगा।

वहां मरीजों की विस्तृत जांच और सैंपल टेस्टिंग की जाएगी, ताकि देश के भीतर किसी भी संभावित संक्रमण के प्रसार को समय रहते पूरी तरह रोका जा सके।

एयरपोर्ट पर इंतजामों को लेकर बैठक

इबोला के खतरे से निपटने और तैयारियों की समीक्षा के लिए एपीएचओ अधिकारियों की मौजूदगी एक विशेष बैठक हाल ही में हुई है। इस बैठक में डायल, सीआइएसएफ, ब्यूरो आफ इमीग्रेशन, कस्टम विभाग, सभी एयरलाइंस और ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया। बैठक में स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशाें के तहत सभी को मुस्तैद रहने को कहा गया।

यात्रियों की सुरक्षा और सही जांच के लिए एयरपोर्ट के इंटरनेशनल अराइवल में खास इंतजाम किए गए हैं। विदेश से आने वाले सभी यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग को अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए कतारों को व्यवस्थित करने वाले विशेष बैरियर लगाए गए हैं ताकि कोई भी यात्री बिना जांच के बाहर न निकल सके।

इसके साथ ही, जांच के दौरान जिन यात्रियों में संदिग्ध लक्षण नजर आएंगे, उन्हें सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने के लिए एक अलग व विशेष रास्ता भी तय कर लिया गया है। बैठक में तय हुई बातों के आधार पर जो भी प्रमुख बातें हैं, उसे सभी विमान कंपनियों के साथ साझा कर दिया गया है, ताकि वे उड़ान के दौरान भी यात्रियों की सुरक्षा और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कर सकें।

यह भी पढ़ें: दिल्ली: शाहबाद डेरी और मॉडल टाउन में गहराया जलसंकट, लोग पानी खरीदने को मजबूर