दिल्ली: शाहबाद डेरी और मॉडल टाउन में गहराया जलसंकट, लोग पानी खरीदने को मजबूर
बाहरी दिल्ली के शाहबाद डेरी और मॉडल टाउन में पिछले एक सप्ताह से गहरा जलसंकट है, जिससे 50 हजार से ...और पढ़ें

बाहरी दिल्ली के शाहबाद डेरी और मॉडल टाउन में पिछले एक सप्ताह से गहरा जलसंकट है। फाइल फोटो
HighLights
शाहबाद डेरी और मॉडल टाउन में गहराया जलसंकट।
सप्ताहभर से 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित।
लोग पीने और घरेलू कामों के लिए पानी खरीद रहे।
जागरण, बाहरी दिल्ली। शाहबाद डेरी इलाके में जलसंकट गहराने के साथ ही लोगों की परेशानी बढ़ गई है। नल सूखे हैं और बार-बार मनुहार-गुहार के बाद भी टैंकर नहीं आता है। एक टैंकर आता है तो पानी लेने वालों की इतनी भीड़ आ जाती है, लोगों को बमुश्किल एक बाल्टी मिल पाती है। पेयजल न मिलने की वजह बड़ी संख्या में लोग पानी खरीदने को मजबूरन है। शाहबाद डेरी के कई इलाकों में सप्ताहभर से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।
क्षेत्र में पानी की समस्या के कारण 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित है। सप्ताहभर से पानी की समस्या के कारण लोगों का रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। कई जगहों पर टैंकर अवश्य पहुंचते है। इन टैंकरों पर भी पानी का लिए मारामारी देखने को मिलती है। लोगों को पर्याप्त पानी न मिलने के कारण महिलाएं घरेलू कामकाज नहीं कर पा रही। जबकि पीने के लिए प्लांट से पानी खरीदकर लाना पड़ रहा है। आगामी दिनों में गर्मी बढ़ने के साथ ही क्षेत्र में पानी की समस्या बढ़ने से लोगों की मुसीबत और बढ़ सकती है।
मॉडल टाउन में भी जलसंकट
मॉडल टाउन के आर-ब्लाक में एक सप्ताह पानी न आने के कारण लोगों का रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है। मजबूरन लोग खरीदकर पानी पीने को मजबूर है। 20 लीटर पानी के लिए लोगों को 40-50 रुपये तक चुकाने पड़ रहे है। कई बार भीषण गर्मी के कारण निजी प्लांटों से आने वाले पानी की कमी हो जाती है।
ऐसी स्थिति में यहां टैंकर भी नहीं पहुंच पा रहे। जिसके कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पानी की व्यवस्था की लिए पड़ोस के क्षेत्रों में जाना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी प्रेम नारायण ने बताया कि नहाने व अन्य कामकाज के लिए मेरे घर में पानी नहीं है। पीने के लिए पानी खरीदना पड़ रहा है।
मैंने 100 रुपये का कार्ड बनवाया हुआ है। जिससे निजी प्लांट से पानी मिल जाता है। जब कार्ड में बैलेंस खत्म हो जाता है तो इसे फिर रिचार्ज कराना पड़ता है। अब लगभग आधा किलोमीटर से 30 लीटर पानी केन लेकर आया हूं।
- गौरव, शाहबाद डेरी
मैं गली नंबर-15 में रहती हूं और बीते सात-आठ दिनों से पानी नहीं आ रहा। मजबूरन पीने के लिए भी पानी दुकान व प्लांटों से खरीदना पड़ रहा है। पानी न होने की वजह घर के कामकाज भी नहीं हो पा रहे।
- सुनीता, शाहबाद डेरी
मेरी उम्र लगभग 60 वर्ष हो चुकी है और इस स्थिति में नहीं हूं कि पानी भरकर ले आऊं। पीने के पानी के लिए मजबूरी में पानी ढोहकर लाना पड़ रहा है। पानी न आने के कारण कालोनी में रहना मुश्किल हो रहा है।
- रामेश्वर दूबे, शाहबाद डेरी
पाइप लाइन में पानी न होने के कारण निजी खर्च से पानी की लाइन बिछाई है। लेकिन इनमें भी पानी नहीं आ रहा। लोग टैंकरों व अन्य क्षेत्र से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। तब कामकाज हो पा रहा है।
- राधेश्याम मौर्य, शाहबाद डेरी
