विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BRICS Summit से पहले IGI एयरपोर्ट पर बढ़ाई गई अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की क्षमता, टर्मिनल-3 का 'पियर सी' चालू

Published: Wed, 09 Sep 2026 11:53 AM (IST)

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए IGI एयरपोर्ट ने विदेशी मेहमानों और हवाई यातायात को संभालने के लिए टर्मिनल-3 पर 'पियर सी' को चालू कर दिया है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर टर्मिनल-3 का पीयर सी हुआ शुरू।

दिल्ली एयरपोर्ट पर टर्मिनल-3 का पीयर सी हुआ शुरू।

HighLights

  1. टर्मिनल-3 का 'पियर सी' अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए चालू।

  2. ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए हवाईअड्डे की तैयारी पूरी।

  3. अंतरराष्ट्रीय यात्री क्षमता में 50% की वृद्धि होगी।

गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर आने वाले विदेशी मेहमानों और हवाई यातायात के भारी दबाव को संभालने के लिए डायल ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।

इसके तहत आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की आवाजाही और हैंडलिंग क्षमता को काफी बढ़ा दिया गया है।

सुरक्षा और परिचालन से जुड़ी सभी जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद, टर्मिनल-3 के 'पियर सी' को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा रहा है। 9 सितंबर की रात से इस पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की शुरुआत कर दी गई है।

50 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी सालाना क्षमता

'पियर सी' से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन शुरू होने से समिट के दौरान आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। 10 सितंबर की शाम से यहां अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के आगमन और प्रस्थान दोनों की विधिवत शुरुआत कर दी जाएगी।

इस विस्तार के पूर्ण रूप से चालू होने के बाद, दिल्ली एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने की सालाना क्षमता में 50 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी होगी, जिससे यह बढ़कर 31 मिलियन पैसेंजर सालाना तक पहुंच जाएगी।

विभिन्न एजेंसियों से तालमेल

इस उच्च स्तरीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन के दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और परिचालन को पूरी तरह निर्बाध बनाए रखने के लिए डायल ने सीआईएसएफ, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो, विभिन्न एयरलाइंस, ग्राउंड-हैंडलिंग एजेंसियों, इमिग्रेशन और कस्टम विभागों के साथ मिलकर एक व्यापक तैयारी योजना तैयार की है।

डायल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप पनिकर का कहना है की दिल्ली एयरपोर्ट ब्रिक्स सम्मेलन के लिए आ रहे नेताओं, मेहमानों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

हमने अपने सभी सुरक्षा और परिचालन भागीदारों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित किया है कि यात्रियों के अनुभव और सुरक्षा मानकों से किसी तरह का समझौता किए बिना बढ़ते ट्रैफिक को बेहद कुशलता से प्रबंधित किया जाए।

टर्मिनल-3 पर 'पियर सी' के शुरू होने से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को संभालने की हमारी ताकत और बढ़ गई है। इस वैश्विक आयोजन के दौरान हमारी टीमें 24 घंटे यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि एयरपोर्ट पर सभी प्रक्रियाएं सुचारू और सुरक्षित ढंग से पूरी हों।

यह भी पढ़ें- Airport जाने वाले यात्री ध्यान दें! BRICS Summit के चलते बदलेगा दिल्ली का ट्रैफिक, मेट्रो से सफर की सलाह