Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में ISI के हथियार-आतंकी मॉड्यूल का नेटवर्क बेनकाब, बिश्नोई-गोदारा गैंग से जुड़ा एक और आरोपी गिरफ्तार 

    Updated: Wed, 15 Apr 2026 05:57 PM (IST)

    दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर शाहबाज अंसारी गिरोह से जुड़े हर्ष पाल सिंह उर्फ रूबल को गिरफ्तार किया है। वह गैंगस्टर लारेंस ...और पढ़ें

    आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा हरियार तस्कर गिरफ्तार। फोटो: सांकेतिक

    आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा हरियार तस्कर गिरफ्तार। फोटो: सांकेतिक

    HighLights

    1. हर्ष पाल सिंह, लारेंस बिश्नोई-रोहित गोदारा गिरोह का करीबी साथी

    2. अत्याधुनिक पिस्टल और पांच कारतूस बरामद, ISI से जुड़ाव

    3. शाहबाज अंसारी आतंकी मॉड्यूल के 13 सदस्य अब तक गिरफ्तार

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कुख्यात अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर और आतंकी मॉड्यूल शाहबाज अंसारी गिरोह से जुड़े एक और सदस्य हर्ष पाल सिंह उर्फ रूबल को गिरफ्तार किया है। वह गैंगस्टर लाॅरेंस बिश्नोई-रोहित गोदारा का करीबी साथी है।

    इसके कब्जे से एक अत्याधुनिक पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं। अब तक क्राइम ब्रांच ने इस माॅड्यूल के 13 सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 24 विदेशी अत्याधुनिक हथियार व 216 कारतूस बरामद किए हैं।

    पाकिस्तानी एजेंसी ISI का कनेक्शन सामने आया 

    डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव कुमार यादव के मुताबिक अंसारी गिरोह पर यूएपी की धारा भी लगा दी गई है। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के सहयोग से अंसारी, पाकिस्तान से भारत में विदेशी हथियार मंगवाकर गैंगस्टरों व अन्य को आपूर्ति कर रहा है।

    एसीपी संजय कुमार नागपाल, इंस्पेक्टर मान सिंह और सुंदर गौतम की टीम ने शाहबाज अंसारी आतंकी माड्यूल के सदस्य हर्ष पाल सिंह को गिरफ्तार किया। वह इंदिरापुरम, गाजियाबाद का रहने वाला है।

    हर्ष पाल सिंह वर्तमान में कृष्ण नगर में रेस्टोरेंट चला रहा था। वह निशांत अरोड़ा का करीबी दोस्त है, जिसे पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। वह निशांत से अवैध हथियार और कारतूसों की खेप लेता था।

    लॉरेंस-गोदारा के हथियार सप्लायर से था संपर्क 

    जांच से पता चला है कि हर्ष पाल सिंह पहले 2023 में दुबई में रहने वाले गैंगस्टर राशिद उर्फ केबल वाला के संपर्क में आया था। राशिद, लारेंस बिश्नोई-रोहित गोदारा का हथियार सप्लायर है। राशिद पहले अंसारी के लिए काम करता था, बाद में उसने खुद आईएसआई की मदद से विदेशी हथियारों की तस्करी करने लगा।

    खबरें और भी

    जांच में दुबई लगातार एक ऐसे केंद्र के तौर पर सामने आ रहा है, जहां से फरार अपराधी भारतीय कारोबारियों और अन्य अमीर लोगों को निशाना बना रहे हैं। हर्ष पाल सिंह, राशिद से मिलने बैंकाॅक जाता था।

    वह ऑनलाइन जुए के धंधे से भी जुड़ा था। डिजिटल सट्टेबाजी के इस माहौल में उसकी संलिप्तता ने उसे ऐसे लोगों से संपर्क बनाने में मदद की, जिन्हें रंगदारी की धमकियां मिल रही थीं, साथ ही उन आपराधिक सरगनाओं से भी, जो विदेशों से अपना नेटवर्क चला रहे थे।

    दुबई में बैठा मोनू सरदार हासिम बाबा गैंग का करीबी

    हर्ष पाल से पूछताछ में मोनू सरदार नाम के व्यक्ति के बारे में पता चला है। मोनू पहले हर्ष पाल सिंह का करीबी था। वह वर्तमान में दुबई में है, जहां से वह सट्टेबाजी का धंधा कर रहा है। वह जेल में बंद गैंगस्टर हासिम बाबा का भी करीबी है।

    मोनू सरदार देश-विरोधी तत्वों से जुड़ा हुआ है, जिनमें वे लोग भी शामिल हैं जो खालिस्तानी अलगाववादी विचारधारा के समर्थक हैं। मोनू खुद को जरनैल सिंह भिंडरावाले का भक्त बताता है।

    हर्ष पाल को पहले हत्या व मकोका के केस में गिरफ्तार किया गया था। उस केस में भी, हर्ष पाल सिंह ने रोहित गोदारा और फरीदाबाद के रहने वाले सनी नाम के व्यक्ति के बीच समझौता करवाया था।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में माचिस न देने पर चाकू से 29 वार करके की थी व्यक्ति की हत्या, पुलिस ने चार को दबोचा