गुरुग्राम में चालान से 1 करोड़ से ज्यादा की रिकॉर्ड कमाई, सिर्फ एक माह में 6231 वाहन मालिकों से वसूला जुर्माना
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने अगस्त महीने में ओवरस्पीडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 6,231 वाहन चालकों पर 1.24 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का ओवरस्पीडिंग पर शिकंजा, अगस्त में 6231 चालान।
HighLights
अगस्त में 6,231 ओवरस्पीडिंग चालान काटे गए।
कुल 1.24 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया।
गुरुग्राम की सड़कों को सुरक्षित बनाना मुख्य उद्देश्य।
पीटीआई, गुरुग्राम। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने बीते अगस्त महीने में ओवरस्पीडिंग के लिए 6,231 वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया और कुल लगभग 1.24 करोड़ रुपये के चालान काटे गए।
पुलिस के अनुसार, गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने 1 अगस्त से 31 अगस्त तक ओवरस्पीडिंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया और स्पीड लिमिट का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। मुंबई एक्सप्रेसवे, गोल्फ कोर्स रोड और गुरुग्राम की अन्य प्रमुख सड़कों पर कुल 6,231 ड्राइवरों को ओवरस्पीडिंग के लिए चालान किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के दौरान 1,24,62,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। एक वरिष्ठ ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने कहा कि गुरुग्राम पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाना, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आपराधिक गतिविधियों को समाप्त करना है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस नियमित रूप से विशेष अभियान और सुबह के चेकपॉइंट लगाती है, ताकि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
उन्होंने बताया कि यह अभियान मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुसार चलाया गया। गुरुग्राम पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे ओवरस्पीडिंग न करें और सुरक्षित सफर के लिए हमेशा ट्रैफिक नियमों का पालन करें। अधिकारी ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे विशेष प्रवर्तन अभियान जारी रहेंगे।
