विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में जनसेवक महाकुंभ, सूरजकुंड में PM मोदी के 25 साल की सेवा का जश्न; प्रधानमंत्री भी हो सकते हैं शामिल

Published: Mon, 07 Sep 2026 04:21 PM (IST)

हरियाणा भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी, जिसके तहत फरीदाबाद के सूरजकुंड में 'जनसेवक महाकुंभ' आयोजित होगा।

सूरजकुंड में PM मोदी के 25 साल की सेवा का जश्न। फाइल फोटो

सूरजकुंड में PM मोदी के 25 साल की सेवा का जश्न। फाइल फोटो

HighLights

  1. सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।

  2. फरीदाबाद के सूरजकुंड में जनसेवक महाकुंभ का आयोजन।

  3. प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सेवाकाल का उत्सव।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर भाजपा जोर-शोर से जुटी है।

फरीदाबाद के सूरजकुंड में जनसेवक महाकुंभ होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानमंत्री मोदी शामिल हो सकते हैं। हरियाणा भाजपा ने प्रधानमंत्री कार्यालय से समय मांगा है। प्रधानमंत्री के नहीं आने की स्थिति में किसी केंद्रीय नेता को यह जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके अलावा गुरुग्राम में भी जनसेवक महाकुंभ का विकल्प रखा गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने सोमवार को चंडीगढ़ में मीडिया संग सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की जानकारी साझा की। सेवा संकल्प को हरियाणा में व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वीरवार को सरकार और संगठन की महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उनका पूरा मंत्रिमंडल तथा प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में अभियान की तैयारियों, कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का कार्य करेंगे

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया के साथ होगी, जिसमें बूथ स्तर पर कार्यकर्ता परिवारों और लाभार्थियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। इसके अलावा विभिन्न संगठनों के साथ रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।

इसके बाद कार्यक्रमों की श्रृंखला में सेवक चित्र, सेवा स्मरण, आंगन का मिलन, कहानी बदलाव की, वडनगर से वाराणसी, सेवा ज्योति यात्रा, 25 साल-25 कहानी, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा रंग, हैकाथान एवं इनोवेशन व जनसेवक महाकुंभ का आयोजन होगा।

भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के सेवा भाव और आमजन के बीच कड़ी बनकर योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और उन्हें विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का कार्य करेंगे।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि एक महीने तक चलने वाले इन कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश सरकार के स्तर पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। भाजपा द्वारा भी प्रदेश स्तर पर सभी कार्यक्रमों के संयोजक, सह संयोजकों, जिला व मंडल स्तर तक ड्यूटियां लगाई जा चुकी हैं।

बीते तीन दिन में जिला स्तर पर सेवा संकल्प अभियान कार्यशालाओं का आयोजन करते हुए कार्यक्रमों के क्रियान्वयन को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित किया जा चुका है।

सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचितों के लिए सहायक होंगे सेवा सेतु शिविर

अभियान के दौरान ब्लाक स्तर पर विशेष ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।

सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में 180 लोकेशन पर समाज सेवा की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। रक्तदान, पौधरोपण, सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसी गतिविधियों के माध्यम से सेवा के इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।