ग्रेटर कैलाश मंदिर से चांदी की नाग प्रतिमा चोरी, 24 घंटे में चोर और ज्वेलर गिरफ्तार
ग्रेटर कैलाश के सनातन धर्म सत्संग सभा मंदिर से चांदी के नाग की मूर्ति चोरी के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर चोर मोहित शर्मा और ज्वेलर भारत गांधी ...और पढ़ें

आरोपित ज्वेलर को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
HighLights
ग्रेटर कैलाश मंदिर से 800 ग्राम चांदी की मूर्ति चोरी।
पुलिस ने 24 घंटे में चोर और ज्वेलर को पकड़ा।
पिघली चांदी, 1.10 लाख रुपये और कार बरामद।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस ने मंदिर से 800 ग्राम वजनी चांदी के नाग की मूर्ति चोरी मामले में 24 घंटे के भीतर आरोपितों को दबोच लिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में मोहित शर्मा को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी की मूर्ति को खरीदने वाले ज्वेलर भारत गांधी को भी पकड़ा है। पुलिस ने मूर्ति को पिघलाकर तैयार की गई करीब 800 ग्राम चांदी, बिक्री से मिले 1.10 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल मारुति सियाज कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक ग्रेटर कैलाश-एक स्थित सनातन धर्म सत्संग सभा मंदिर से नाग की मूर्ति चोरी होने की शिकायत मिली थी। मामले में छह अगस्त को ई-एफआइआर दर्ज की गई। मंदिर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही तकनीकी निगरानी और स्थानीय स्तर पर जांच की गई।
पुलिस ने लाजपत नगर निवासी मोहित शर्मा को पकड़ा
सुराग मिलने के बाद पुलिस ने लाजपत नगर निवासी मोहित शर्मा को पकड़ा। पूछताछ में आरोपित मोहित ने बताया कि उसने मंदिर से नाग की मूर्ति चोरी की थी। इसके बाद उसने मूर्ति को पिघलाकर चांदी का रूप दिया, ताकि मूर्ति की पहचान छिपाई जा सके। इसके बाद चांदी को करोल बाग के एक ज्वेलर को बेच दिया।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ज्वेलर तक पहुंची और चोरी की मूर्ति से तैयार करीब 800 ग्राम पिघली हुई चांदी बरामद की। साथ ही पुलिस ने आरोपित के पास से चोरी की चांदी को बेचने से मिले 1.10 लाख रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति सियाज कार भी जब्त की है।
खबरें और भी
गिरफ्तार आरोपित मोहित शर्मा लाजपत नगर-चार का रहने वाला है, जबकि चांदी खरीदने वाला ज्वेलर भारत गांधी सफदरजंग एन्क्लेव का निवासी है। पुलिस के अनुसार, दोनों का कोई पुराना आपराधिक रिकार्ड नहीं मिला है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।