द्वारका में पूर्व सिक्योरिटी गार्ड ने ही रेस्टोरेंट के कैश काउंटर से चुराए थे 1.35 लाख रुपये, पुलिस ने दबोचा
द्वारका सेक्टर-20 के एक रेस्टोरेंट से 1.35 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने पूर्व सिक्योरिटी गार्ड सुनील ...और पढ़ें

द्वारका रेस्टोरेंट चोरी मामले में पूर्व गार्ड ने ही चुराए 1.35 लाख रुपये, पुलिस ने किया गिरफ्तार।
HighLights
द्वारका रेस्टोरेंट से 1.35 लाख रुपये की चोरी हुई।
पूर्व सिक्योरिटी गार्ड सुनील रजत को पुलिस ने पकड़ा।
चोरी की पूरी रकम पुलिस ने बरामद कर ली है।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। द्वारका सेक्टर-20 स्थित रेस्टोरेंट में हुई चोरी की वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने उसके पूर्व सिक्योरिटी गार्ड को ही गिरफ्तार किया है। गार्ड ने नौकरी छोड़ने के करीब दो माह बाद रेस्टोरेंट पहुंच उसके कैश काउंटर से 1,35,010 रुपये चोरी कर लिए थे। सेक्टर-23 थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के पेशेवर तरीके से विश्लेषण के आधार पर आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपित मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी सुनील रजत है, जिसने बताया कि नौकरी जाने के बाद वह आर्थिक तंगी में था, उसे पता था कि रेस्टोरेंट में रुपये कहां होते हैं, जिसका उसने फायदा उठाया और मौका देख चोरी को अंजाम देकर फरार हो गया।
उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि 10 अगस्त को सेक्टर-23 थाने में एक चोरी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में सेक्टर-20 स्थित मार्बल मार्केट की तीसरी मंजिल पर स्थित द विक्ट्री रेस्टोरेंट के कैश काउंटर से नकदी चोरी होने की बात सामने आई थी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
एसएचओ बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में मामले की जांच टीम ने रेस्टोरेंट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में करीब 30 वर्षीय एक व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधकर चोरी करते दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपित के चलने के तरीके, शारीरिक बनावट और अन्य गतिविधियों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर उसकी पहचान सुनील के रूप में हुई।
जांच में पता चला कि आरोपित पहले इसी रेस्टोरेंट में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था और करीब दो माह पहले नौकरी छोड़ चुका था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चुराई हुई पूरी रकम 1,35,010 रुपये बरामद कर लिए।वहीं पूछताछ में आरोपित ने सेक्टर-23 थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले,अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब इस मामले में उसकी भूमिका और उसके सहयोगियों की जांच कर रही है।
