विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का 9km का बचा हिस्सा भी खुला, आश्रम से कालिंदी कुंज और फरीदाबाद का सफर आसान

Published: Fri, 21 Aug 2026 11:27 PM (IST)Updated: Sat, 22 Aug 2026 07:39 AM (IST)

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक 9 किमी का हिस्सा ट्रायल के लिए खोला गया ...और पढ़ें

डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का नौ किलोमीटर का हिस्सा बैरिकेड हटाकर ट्रायल के तौर पर खोला गया। चंद्र प्रकाश मिश्र

डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का नौ किलोमीटर का हिस्सा बैरिकेड हटाकर ट्रायल के तौर पर खोला गया। चंद्र प्रकाश मिश्र

HighLights

  1. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का 9 किमी खंड ट्रायल के लिए खोला गया

  2. डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक का हिस्सा

  3. दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद यात्रियों को जाम से मिलेगी बड़ी राहत

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दिल्ली वाले हिस्से पर सफर को और आसान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। डीएनडी महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक एक्सप्रेसवे के बचे हुए नौ किलोमीटर हिस्से को शुक्रवार को ट्रायल के तौर पर यातायात के लिए खोल दिया गया।

हालांकि, लोगों को इसकी जानकारी कम होने के कारण पहले दिन इस मार्ग पर बहुत कम वाहन दौड़े। ट्रायल के दौरान मार्ग पर ट्रैफिक के दबाव और सुरक्षा मानकों को परखा जा रहा है। इसका आधिकारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया जाना तय है और इसकी तिथि की घोषणा जल्द हो सकती है।

आश्रम से कालिंदी कुंज तक सफर होगा आसान

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के बचे हुए इस नौ किलोमीटर हिस्से को कालिंदी कुंज से आश्रम के बीच भी ट्रायल के तौर पर यातायात के लिए खोला गया है। नए रास्ते का इस्तेमाल शुरू होने से आश्रम से कालिंदी कुंज, सराय काले खां और फरीदाबाद आने-जाने वाले यात्रियों को सरिता विहार, मोहन एस्टेट और मथुरा रोड के भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

परियोजना निदेशक, एनएचएआइ धीरज सिंह ने बताया कि इस हिस्से को ट्रायल के तौर पर यातायात के लिए खोला गया है। इस दौरान ट्रैफिक के दबाव और सुरक्षा मानकों को परखा जा रहा है।

दिल्ली को जाम और प्रदूषण से राहत देने की योजना

केंद्र में भाजपा सरकार बनने के अगले वर्ष ही राजधानी दिल्ली को जाम मुक्त करने का प्लान बनाया गया था। इसका उद्देश्य ईज आफ मोबिलिटी और पॉल्यूशन फ्री करना था।

इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है। कई योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि कई परियोजनाओं पर इस वर्ष अंत तक काम शुरू हो जाएगा। कुछ परियोजनाओं की डीपीआर जल्द फाइनल होने वाली हैं।

नोएडा एयरपोर्ट से भी जुड़ेगा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे

एक साल में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जेवर एयरपोर्ट से स्पर के जरिये जुड़ जाएगा। इसके साथ ही निर्माणाधीन फरीदाबाद-जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे भी फरीदाबाद से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा।

इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की लंबाई 32 किलोमीटर है। इसमें नौ किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश की सीमा में और 23 किलोमीटर हरियाणा की सीमा में है। यह फरीदाबाद को सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ेगा।

सेक्टर-65 की ओर आठ किमी हिस्सा होगा एलिवेटेड

फरीदाबाद-जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को सेक्टर-65 की तरफ से आठ किलोमीटर एलिवेटेड बनाया जा रहा है, ताकि शहर का मास्टर प्लान प्रभावित न हो।

यूपी की सीमा में एयरपोर्ट से लेकर हरियाणा में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे तक का काम सितंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके आगे फरीदाबाद सेक्टर-65 तक के हिस्से का निर्माण कार्य जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

फरीदाबाद से जेवर का सफर 25 मिनट में

अभी फरीदाबाद से जेवर जाने के लिए करीब 40 किलोमीटर का सफर करना पड़ता है। इसमें करीब सवा से डेढ़ घंटे का समय लगता है। यह रास्ता यमुना नदी पर बने मोहना पुल से होकर जाता है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनने के बाद नोएडा एयरपोर्ट पहुंचने में सिर्फ 25 मिनट लगेंगे।

यह भी पढ़ें- एमपीडी-2047 का असर: दिल्ली में आसान होंगे भवन नक्शे, 48 गांव भी जल्द होंगे शहरी

यह भी पढ़ें- मास्टर प्लान 2047: लंदन-न्यूयार्क की तर्ज पर बदलेगी दिल्ली की रात, 24X7 चलेंगे चुनिंदा बाजार और मनोरंजन केंद्र

यह भी पढ़ें- दिल्ली एयरपोर्ट में कार्गो चेकिंग का नया सिस्टम लागू, अब सिर्फ 5 घंटे में क्लियरेंस; कई शहरों में होगी शुरुआत