विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में अग्निकांडों पर लगेगी लगाम, जल्द बनेंगे 8 नए फायर स्टेशन; रिस्पाॅन्स टाइम घटने से नहीं होगी देरी

Published: Wed, 02 Sep 2026 06:50 PM (IST)

दिल्ली में आग की घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया के लिए जल्द ही आठ नए फायर स्टेशन बनाए जाएंगे। इनसे दमकल ...और पढ़ें

दिल्ली में नए फायर स्टेशन खोले जाएंगे। फोटो: आर्काइव

दिल्ली में नए फायर स्टेशन खोले जाएंगे। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. दिल्ली में आठ नए फायर स्टेशन बनाने की मंजूरी मिली

  2. आग लगने की घटनाओं पर दमकल का रिस्पांस टाइम घटेगा

  3. 21 संवेदनशील स्थानों पर नए स्टेशन बनाने की योजना

मोहम्मद साकिब, नई दिल्ली। राजधानी में लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं और अग्निकांड के दौरान दमकल की गाड़ियों के घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाले समय को कम करने के लिए दिल्ली में जल्द ही आठ नए फायर स्टेशन बनाए जाएंगे।

दिल्ली अग्निशमन विभाग ने राजधानी की भौगोलिक स्थिति, दूर-दराज के इलाकों और तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए 21 संवेदनशील स्थानों पर नए फायर स्टेशन बनाए जाने की अनुमति मांगी थी। इनमें से आठ स्थानों पर फायर स्टेशन बनाने की मंजूरी मिल गई है।

चीफ फायर आफिसर एके मलिक के मुताबिक, दमकल विभाग ने इन आठ नए फायर स्टेशनों के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से अनुमानित लागत (इस्टीमेट) मांगा है।

पीडब्ल्यूडी से इस्टीमेट मिलने के बाद दिल्ली सरकार के स्तर पर फंड जारी किया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। विभाग का उद्देश्य नए फायर स्टेशनों के जरिये ऐसे इलाकों में दमकल की पहुंच मजबूत करना है, जहां मौजूदा स्टेशनों से घटनास्थल तक पहुंचने में अधिक समय लगता है।

यहां खुलेंगे नए फायर स्टेशन

  • गीता कॉलोनी
  • यमुना विहार
  • द्वारका सेक्टर-3
  • द्वारका सेक्टर- 20
  • आइएफसी नरेला,
  • आइएफसी गाजीपुर
  • रोहिणी सेक्टर-41
  • चंद्रावल वाटर वर्क्स

इस वर्ष आग से 50 से अधिक मौत

इस वर्ष दिल्ली में आग लगने की घटनाओं में 50 से अधिक लोगों की झुलसने से मौत हो चुकी है। हौजरानी, पालम, विवेक विहार और तुगलकाबाद एक्सटेंशन समेत कई बड़े अग्निकांडों के बाद दमकल की गाड़ियों के मौके पर पहुंचने में हुई देरी को लेकर सवाल उठे थे।

घनी आबादी, संकरी गलियां, सड़कों पर अतिक्रमण और यातायात जाम के कारण कई बार दमकल कर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी होती है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर नए फायर स्टेशन होने से शुरुआती प्रतिक्रिया का समय कम करने में मदद मिलेगी।

नए फायर स्टेशन के लिए मिली जमीन

इसके अलावा दिल्ली अग्निशमन विभाग को ग्राम सभा की ओर से सात नए फायर स्टेशन खोलने के लिए जमीन उपलब्ध करा दी गई है। इन स्थानों पर भी फायर स्टेशन विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

48 गांवों के शहरीकरण की प्रक्रिया होने के बाद इन सभी क्षेत्रों की जमीन औपचारिक रूप से दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अधीन आ जाएगी, जिसके बाद यहां नागरिक सुविधाओं और मूलभूत इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास डीडीए द्वारा किया जाएगा।

इस प्रस्ताव पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीडीए ने शुरुआती चरण में सात महत्वपूर्ण स्थानों पर जमीन चिह्नित कर दिल्ली फायर सर्विस को सौंप दी है। जिन स्थानों पर जमीन मिल चुकी है उनमें गालिबपुर, झटिकरा, बेदूसराय, ढांसा बार्डर, गोमनहेड़ा, मुंढियाकला व निजामपुर शामिल हैं।

21 स्थानों को किया गया था चिह्नित

विभाग ने आग की घटनाओं, आबादी, भौगोलिक स्थिति और मौजूदा फायर स्टेशनों से दूरी समेत विभिन्न मानकों के आधार पर 21 संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया था।

इन स्थानों पर जमीन उपलब्ध होने के बाद चरणबद्ध तरीके से नए फायर स्टेशन स्थापित करने की योजना है। आठ स्टेशनों को मंजूरी मिलने और सात के लिए जमीन उपलब्ध होने से इस दिशा में विभाग को महत्वपूर्ण बढ़त मिली है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में स्वाइन फ्लू का कहर, साल 2019 के बाद सबसे अधिक 3218 मामले दर्ज