स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी में पुलिस का मेगा नाइट ऑपरेशन, आयुक्त खुद सड़कों पर उतरे
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा मजबूत करने के लिए मेगा नाइट ऑपरेशन चलाया। इस दौरान ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा मजबूत करने के लिए मेगा नाइट ऑपरेशन चलाया।
HighLights
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस का मेगा नाइट ऑपरेशन।
पुलिस आयुक्त ने खुद सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
22,774 वाहनों की जांच, 55 बदमाश गिरफ्तार किए गए।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस ने मंगलवार देर रात से बुधवार तड़के तक पूरी राजधानी में मेगा नाइट आपरेशन चलाया। रात 11 बजे से दो बजे तक चले ‘जनरल गश्त’ में पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने खुद आला अधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण और संवदेनशील लोकेशन का दौरा कर सुरक्षा इंतजाम का जायजा लिया।
तीन घंटे के आरेशन में सभी 15 पुलिस जिलों में 22,774 वाहनों की चेकिंग की गई, जबकि 2,780 घोषित बदमाशों यानी बीसी की जांच की गई। इनमें से 55 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। आपरेशन में दोनों जोन के ला एंड आर्डर के विशेष पुलिस आयुक्त, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर, सभी जिलों के उपयुक्त और अलग-अलग यूनिट के बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे।
संवेदनशील लोकेशन पर पुलिस आयुक्त की नजर
जनरल गश्त के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने-अपने इलाकों में महत्वपूर्ण और संवेदनशील लोकेशन का इंस्पेक्शन किया। पुलिस आयुक्त ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर सुरक्षा अरेंजमेंट की जानकारी ली। उन्होंने जवानों को अलर्ट रहने और किसी भी संदिग्ध की जानकारी मिलने पर तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए।
बाजारों से महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों तक बैरिकेडिंग
ऑपरेशन के दौरान प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई। इन लोकेशन पर बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच की गई। संदिग्ध लोगों और वाहनों पर नजर रखी गई। पुलिस ने संभावित अपराधियों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई भी की।
पुलिस के मुताबिक, जनरल गश्त के दौरान दिल्ली पुलिस एक्ट की धारा 65 के तहत सबसे ज्यादा 18,537 प्रिवेंटिव एक्शन लिए गए। धारा 66 के तहत 2,409 कार्रवाई हुई। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी बीएनएसएस की धारा 126/170 के तहत 446 और धारा 126/169 के तहत 44 कार्रवाई की गई। इसके अलावा एक्साइज एक्ट की धारा 40ए/40बी के तहत 917 केस दर्ज किए गए, जबकि आर्म्स एक्ट के तहत 21 केस दर्ज हुए।
घोषित बदमाशों पर खास फोकस
जनरल गश्त में पुलिस ने अपने इलाकों के घोषित बदमाशों यानी बीसी पर भी खास फोकस रखा। कुल 2,780 बीसी को चेक किया गया, जिनमें 55 को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने साफ निर्देश दिए कि 15 अगस्त तक संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग, बैरिकेडिंग और वाहन चेकिंग लगातार जारी रखी जाए।
