मालवीय नगर के बाद कालकाजी में नॉर्थ ईस्ट की महिला से बदसलूकी, पुलिस ने चार आरोपितों को दबोचा
कालकाजी थाना क्षेत्र में एक नगालैंड की महिला और उसकी बिहार निवासी सहेली के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में चार आरोपित दबोचे ...और पढ़ें

चार आरोपितों से पुलिस कर रही है पूछताछ
HighLights
कालकाजी में नार्थ ईस्ट की महिला से अभद्रता।
पुलिस ने चार आरोपितों की पहचान की, दो गिरफ्तार।
पीड़िताओं को एम्स में कराया गया उपचार।
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। मालवीय नगर थाना क्षेत्र में लगातार दो घटनाओं के बाद अब कालकाजी थाना क्षेत्र में नार्थ ईस्ट की महिला संग अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता व उसकी बिहार निवासी महिला मित्र को एम्स अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद दोनों के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार आरोपितों की पहचान की गई है।
देर शाम पुलिस ने दो आरोपितों को दबोच लिया। वहीं बाकी के दोनों आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
अपमानजनक टिप्पणियां कीं
दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डाॅ. हेमंत तिवारी के मुताबिक घटना 10 मई की है। कालकाजी थाने में सुबह सात बजे पीसीआर काल मिली। टीम फौरन नेहरू प्लेस स्थित इरोज होटल के पास एक चाय की दुकान पर पहुंची। वहीं दो पीड़िताएं मिलीं।
एक नगालैंड और दूसरी बिहार की रहने वाली हैं। पुलिस को दिए बयान में पीड़िताओं ने बताया कि चाय की दुकान पर कुछ लोगों ने उन पर अपमानजनक टिप्पणियां की और गाली-गलौज की।
आरोपितों ने दोनों के साथ मारपीट भी की
विरोध करने पर आरोपितों ने दोनों के साथ मारपीट भी की। पीड़िताओं को एम्स ले जाकर मेडिकल जांच कराई।
उनकी शिकायत पर कालकाजी थाने में बीएनएस की धारा 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 74 (महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाना), 126 (2) (गलत तरीके से रोकना), 351(2) (आपराधिक धमकी), 78 (किसी महिला का पीछा करना), 3(5) (सामान्य आशय के तहत) तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की जांच और लोगों से पूछताछ के आधार पर चार आरोपितों की पहचान हुई। देर शाम तक पुलिस ने दो आरोपित को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर बाकी के दोनों आरोपितों को पकड़ने के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
आरोपितों की पहचान
पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपितों की पहचान की है। इनमें ओखला निवासी निजी संस्थान में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में काम करने वाला मोहम्मद फहाद (28), ओखला का ही मोहम्मद सावेज, जो पहले क्लबों में बाउंसर था की पहचान की है। सावेज वर्तमान में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर है। वहीं, तीसरा आरोपित नोएडा का रहने वाला है। उसका नाम मोहम्मद आरिफ (33) है। वह एक मोबाइल स्टोर में काम करता है। चौथा आरोपित अमान उर्फ मोहम्मद फहीम उर्फ काला (21) जामिया नगर का रहने वाला है। वह ओला, उबर और रैपिडो जैसी प्लेटफॉर्म्स पर टैक्सी ड्राइवर के रूप में काम करता है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रही है।
खबरें और भी
नाॅर्थ ईस्ट की तीन युवतियों पर की थी नस्लीय टिप्पणी
20 फरवरी : दोपहर करीब 3:30 बजे मालवीय नगर में चौथी मंजिल पर किराये के फ्लैट में रह रही नार्थ ईस्ट की तीन युवतियों ने एयर कंडीशनर (एसी) लगवाने के लिए इलेक्ट्रीशियन बुलाया था। ड्रिलिंग के दौरान धूल और मलबा नीचे वाले फ्लैट में गिर गया।
इससे नीचे रह रहे हर्ष सिंह और उनकी पत्नी रूबी जैन नाराज हो गए। मामला बहस से शुरू होकर नस्लीय गालियों तक पहुंच गया। आरोपियों ने महिलाओं को 'मोमो बेचने वाली' और मसाज पार्लर वाली आदि कहा। इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था।
08 मार्च : शाम के समय सतपुला पार्क में अपनी महिला मित्र के साथ टहल रही मणिपुर की छात्रा पर कुछ अराजक तत्वों ने टिप्पणी की। विरोध करने पर मनबढ़ों ने छात्रा पर हमला कर दिया। छात्रा को पार्क में दौड़ा-दौड़ाकर बेल्ट से पीटा। धारदार हथियार से हमला करने की भी कोशिश हुई थी।