अगले साल खत्म हो जाएगा दिल्ली नगर निगम का कार्यकाल, अब गठित हुई एससी समिति
एमसीडी में अनुसूचित जाति कल्याण समिति सहित 20 कमेटियों का गठन हुआ, जिसमें एससी समिति के चेयरमैन विकास टांक और ...और पढ़ें

MCD में SC समिति का गठन, AAP ने लगाया धांधली और तोड़फोड़ का आरोप।
HighLights
MCD की 20 कमेटियों का गठन, SC समिति भी बनी।
विकास टांक SC समिति चेयरमैन, ममता डिप्टी चेयरमैन निर्वाचित।
आप पार्षदों ने धांधली का आरोप लगा महापौर कार्यालय में की तोड़फोड़।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। एमसीडी के गठन के बाद उसके चुनाव पंचवर्षीय कार्यकाल अगले साल दिसंबर में खत्म हो जाएगा। लेकिन जिस कमेटी को 2023 में ही बन जाना चाहिए था वह अब जाकर गठित हुई है। बृहस्पतिवार को एमसीडी की 20 तदर्थ, विशेष और वैद्यानिक कमेटियों के गठन की प्रक्रिया पूरी हो गई। पिछले वर्ष हंगामे के कारण खेल और अनुसूचित जाति कल्याण समिति का गठन नहीं हो पाया था।
बृहस्पतिवार को 10 समितियों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई। इसमें अनुसूचित जाति कल्याण मामलों की समिति के चेयरमैन के तौर पर विकास टांक तो ममता डिप्टी चेयरमैन निर्वाचित हुई। इसी प्रकार खेल समिति में इंद्रजीत सहरावत चेयरमैन बुधवार को ही निर्वाचित हो चुके थे।
पिछले वर्ष भी अनुसूचित जाति कल्याण मामलों की समिति व खेल समिति के चुनाव की प्रक्रिया कराई गई थी लेकिन आप के पार्षदों के हंगामे के कारण पिछले साल चुनाव स्थगित हो गए थे। जबकि इससे पूर्व स्थायी समिति का गठन न होने की वजह से इन समितियों का गठन नहीं हो सका था।
बृहस्पतिवार को अनुसूचित जाति कल्याण मामलों की समिति का चुनाव तीन बजे तय था जिसमें भाजपा पार्षद और अधिकारी तय समय पहुंच गए थे। चुनाव की प्रक्रिया ठीक तीन बजे शुरू कर दी गई चूंकि निर्विरोध निर्वाचन होना था तो पीठासीन अधिकारी तीन मिनट के भीतर ही चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन को निर्वाचित घोषित कर दिया। इसके बाद बैठक स्थगित कर दी गई तब ही आप पार्षद बैठक में पहुंचे और चुनाव में धांधली का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे।
अपने दफ्तर आप पार्षदों की तोड़-फोड़ की महापौर ने की निंदा
अनुसूचित जाति कल्याण मामलों की समिति के चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए आप पार्षदों ने निगम मुख्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शन करते -करते आप पार्षद महापौर के दफ्तर में चले गए। सुरक्षा के मद्देनजर जब सुरक्षा कर्मियों ने गेट बंद किए तो पार्षद गेट तोड़ते हुए महापौर के दफ्तर में घुस गए। इस दौरान आप पार्षदों ने महापौर को घेरकर नारेबाजी की। इस पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने के बाद आप पार्षदों ने महापौर कार्यालय में दरवाजों और कुर्सियों को नुकसान पहुंचाया तथा वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की।
महापौर ने कहा कि उन्होंने स्वयं लोकतांत्रिक भावना का परिचय देते हुए आम आदमी पार्टी के पार्षदों की बात सुनने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। वहीं, महिला उप महापौर के सामने आप पार्षदों ने कपड़े उतारने का प्रयास करना निंदनीय है।
एमसीडी ने अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण समिति में अपने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने के उद्देश्य से समिति में दलित सदस्यों की संख्या 35 से घटाकर मात्र 21 कर दी। भाजपा के इस कदम के विरोध में आप ने अनुसूचित जाति समाज के प्रतिनिधित्व को कम करने की कोशिश के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि सदस्यों की संख्या कम करने के खिलाफ उन्होंने एमसीडी को पत्र भी लिखा था और इस चुनाव को टालने का आग्रह किया था। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। - अंकुश नारंग, नेता प्रतिपक्ष, आप
यह भी पढ़ें- जेल से ज्यादा विदेश में बैठे गैंगस्टर एनसीआर में फैला रहे आतंक, सोशल मीडिया के जरिए चला सिंडिंकेट
