Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लक्ष्मी योजना को BJP ने बताया ऐतिहासिक, AAP ने 10 साल की रेजिडेंसी समेत हर शर्त पर दागे सवाल; नहीं सुना CM का जवाब

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 03:40 PM (IST)

    दिल्ली विधानसभा में लक्ष्मी योजना पर चर्चा हुई, जिसमें भाजपा ने इसे ऐतिहासिक बताया। हालांकि, आप विधायकों ने 10 साल की निवास और बच्चों की संख्या जैसी प ...और पढ़ें

    मानसून सत्र के दूसरे दिन सोमवार को दोपहर के भोजनावकाश के बाद दिल्ली विधानसभा की कार्रवाई में लक्ष्मी योजना पर चर्चा हुई। फाइल फोटो

    मानसून सत्र के दूसरे दिन सोमवार को दोपहर के भोजनावकाश के बाद दिल्ली विधानसभा की कार्रवाई में लक्ष्मी योजना पर चर्चा हुई। फाइल फोटो

    HighLights

    1. भाजपा ने दिल्ली लक्ष्मी योजना को महिलाओं के सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम बताया।

    2. आप ने 10 साल की निवास और बिजली खपत की शर्तों पर सवाल उठाए।

    3. तीन से अधिक बच्चों वाली महिलाओं को लाभ न देने पर भी आपत्ति जताई।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मानसून सत्र के दूसरे दिन सोमवार को दोपहर के भोजनावकाश के बाद दिल्ली विधानसभा की कार्रवाई में लक्ष्मी योजना पर चर्चा हुई। सदन में दिल्ली लक्ष्मी योजना पर धन्यवाद प्रस्ताव पर सदस्यों ने अपनी बात रखते हुए इसे जन-जन के लिए लाभकारी कहा।

    हालांकि, विपक्षी दल आम आदमी पार्टी के विधायक ने इस योजना की पात्रता के लिए रखी गई शर्तों पर ही सवाल खड़े किए। शुक्रवार को सत्ता पक्ष की ओर से इस प्रस्ताव को पेश किया गया था। उधर, सवालों का जवाब देने के लिए जैसे ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खड़ी हुईं विपक्ष ने हंगामा करते हुए सदन का वॉकआउट कर दिया।

    भाजपा विधायक बोले- ऐतिहासिक कदम

    धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए भाजपा विधायक हरीश खुराना, तिलक राज अग्रवाल और अजय महावर ने दिल्ली लक्ष्मी योजना को राजधानी की सरकार का ऐतिहासिक कदम करार दिया। उन्होंने योजना के फायदे गिनाए और इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

    विपक्ष ने गिनाईं खामियां

    इस बीच आप विधायक वीरेंद्र कादियान ने योजना का विरोध करते हुए कई खामियां गिनाईं। उन्होंने तीन से अधिक बच्चों वाली महिलाओं को लाभ न दिए जाने का पुरजोर विरोध किया। साथ ही, पात्रता के लिए दिल्ली में 10 साल का निवासी होने की शर्त पर सवाल उठाए। कादियान ने मांग की कि एक साल में 2400 बिजली यूनिट से अधिक खपत न होने की शर्त भी हटाई जाए। विपक्ष इन शर्तों को योजना की कमजोरी बता रहा है।

    खबरें और भी

    सीएम के भाषण के दौरान मचाया शोर

    इस योजना पर जैसी ही मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी बात रखनी शुरू की तो विपक्ष हंगामा करने लगा। सीएम का जवाब सुनने से पहले ही आप विधायकों ने सदन का वॉकआउट कर दिया। फिर भी सीएम ने अपने संबोधन में कहा, 'विपक्ष के सदस्यों को उनके द्वारा उठाए गए सवालों पर मैं एक-एक पर जवाब देना चाहती थी, मगर उनमें हिम्मत नहीं है सुनने की और वह सब बाहर चले गए।

    कार्यवाही करनी पड़ी स्थगित 

    मुख्यमंत्री ने कहा कि  दिल्ली लक्ष्मी योजना ऐतिहासिक है। उन्होंने महिलाओं का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाएं घर चलाने के लिए एक-एक पैसा जोड़ती हैं और उसे बचाकर रखती हैं और जब कोई कष्ट आता है कोई परेशानी आती है तो वह पैसे को लाकर सामने लाती हैं और जरूरत पूरी की जाती है। यह दिल्ली लक्ष्मी योजना उन महिलाओं के लिए है।' वहीं, सदन में विपक्ष का हंगामा बढ़ने के बाद कार्यवाही 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। 

    अन्य मुद्दे भी उठाए गए

    भोजनावकाश से पूर्व आप विधायक सहीराम पहलवान ने तुगलकाबाद में बिजली का नया कनेक्शन लेने में आ रही दिक्कतों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले वन विभाग और डीडीए की एनओसी मांगी जाती थी, अब नियमित होने वाली कॉलोनियों की सूची में नाम होना भी जरूरी बताया जा रहा है। उन्होंने शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन का गेट नंबर दो खोलने और वहां बने फुट ओवर ब्रिज को 100 से 125 फुट बढ़ाने की मांग भी की।

    सड़कों पर अतिक्रमण की शिकायत

    तिलकराम गुप्ता ने त्रिनगर में पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर अवैध कब्जे की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि शाम के समय नॉन-वेज बेचने वाले ठेले और बिल्डिंग मटीरियल वाले सड़कों पर सामान डालकर रास्ता जाम कर देते हैं। इसी तरह मनोज कुमार शौकीन ने नांगलोई जाट विधानसभा में सैकड़ों रेहड़ी-खोमचे वालों द्वारा सड़कों पर कब्जा करने की शिकायत की।

    यह भी पढ़ें- ट्रैफिक जाम, कूड़ा, गाद से परेशान दिल्ली! विधानसभा में विधायकों ने उठाए मुद्दे; गूंजा साइकिल घोटाले का शोर

    यह भी पढ़ें- गाय पकड़ने वाले MCD कर्मचारियों से मारपीट और डेयरी माफिया पर चर्चा, दिल्ली विधानसभा में उठी सख्त कानून की मांग