दिल्ली कांग्रेस का LG संधू को पत्र, निगम बोध घाट के पास रह रहे 100 साल पुराने परिवारों को न करें बेदखल
दिल्ली कांग्रेस ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को यमुना बाजार और निगम बोध घाट के पास रहने वाले 310 परिवारों को जारी बेदखली नोटिस के खिलाफ पत्र लिखा है ...और पढ़ें

दिल्ली कांग्रेस ने एलजी संधू को लिखी चिट्ठी।
HighLights
दिल्ली कांग्रेस ने एलजी को बेदखली नोटिस के खिलाफ लिखा पत्र।
यमुना बाजार, निगम बोध घाट के 310 परिवारों को नोटिस।
परिवार 100 वर्षों से अधिक समय से घाटों पर रह रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली कांग्रेस ने सोमवार को उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को यमुना बाजार और निगम बोध घाट के पास रहने वाले 310 परिवारों को जारी किए गए बेदखली नोटिस के खिलाफ पत्र लिखा।
पार्टी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, 'ये परिवार 100 वर्षों से अधिक समय से यमुना घाटों पर रह रहे हैं और विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा उन्हें समय-समय पर वहां घर बनाने की अनुमति दी गई थी क्योंकि वे श्मशान घाट पर महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।'
सुंदरीकरण के नाम पर उन्हें बेघर करना उचित नहीं: देवेंद्र यादव
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार 'सौंदर्यीकरण के नाम पर यमुना घाटों के पास रहने वाले लोगों को नष्ट करना' चाहती है। बेदखली अभियान पर सवाल उठाते हुए यादव ने कहा, 'जब ये लोग ब्रिटिश शासन के समय से यहां रह रहे हैं तो मौजूदा सरकार द्वारा सुंदरीकरण के नाम पर उन्हें बेघर करना उचित नहीं है।'
उन्होंने कहा कि यमुना बाजार घाट क्षेत्र में रहने वाले हजारों लोग, जिनमें पुजारियों के परिवार भी शामिल हैं, श्मशान घाट से जुड़े व्यवसायों से अपनी आजीविका कमाते हैं और पीढ़ियों से इस पारंपरिक पेशे को अपनाते आ रहे हैं।