विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'AAP में सिर्फ विवाद ही मिले...', 16 पार्षदों के साथ मुकेश गोयल की इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का भाजपा में विलय

Updated: Fri, 10 Jul 2026 12:32 PM (IST)

इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का भाजपा में औपचारिक विलय हो गया, जिसमें संयोजक मुकेश गोयल सहित 16 पार्षद भाजपा में शामिल हुए। उन्होंने भाजपा सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर यह निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के उपस्थित इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के संयोजक मुकेश गोयल व अन्य। फोटो: जागरण

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के उपस्थित इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के संयोजक मुकेश गोयल व अन्य। फोटो: जागरण

HighLights

  1. इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का भाजपा में औपचारिक विलय

  2. मुकेश गोयल समेत 16 पार्षदों ने भाजपा ज्वॉइन की

  3. भाजपा के विकास कार्यों से प्रभावित होकर लिया निर्णय

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में औपचारिक विलय हो गया। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पार्टी के संयोजक मुकेश गोयल, हेमचंद गोयल समेत 16 पार्षदों का भाजपा में स्वागत किया।

indraprastha party bjp 2

भाजपा सरकार बनने के बाद कामकाज में सुधार: हर्ष मल्होत्रा

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के महापौर रहने के बावजूद निगम के कामकाज से असंतुष्ट होकर मुकेश गोयल और हेमचंद गोयल के नेतृत्व में पार्षदों ने इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी का गठन किया था।

उन्होंने कहा कि अब दिल्ली नगर निगम में भाजपा का महापौर है और दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद निगम के कामकाज में सुधार हुआ है। मुख्यमंत्री निधि से प्रत्येक पार्षद को अपने-अपने वार्ड में विकास कार्यों के लिए एक-एक करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की नीतियों से प्रभावित होकर मुकेश गोयल ने अपनी पार्टी का भाजपा में विलय करने का फैसला किया है। उन्होंने सभी पार्षदों का पार्टी में स्वागत किया।

indraprastha party bjp 1

दिल्ली के विकास के लिए महत्वपूर्ण समय: रेखा गुप्ता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। केंद्र सरकार के साथ ही दिल्ली और नगर निगम में भाजपा का शासन होने से राजधानी के विकास के लिए यह सबसे उपयुक्त समय है।

उन्होंने कहा कि इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी ने दिल्ली के विकास में योगदान देने के उद्देश्य से भाजपा में विलय का निर्णय लिया है। पिछले लगभग सवा साल से दिल्ली के विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है।

आप में विकास की उम्मीद से गए थे: मुकेश गोयल

इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के संयोजक मुकेश गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। इसी वजह से पार्टी ने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि वह इस उम्मीद के साथ आम आदमी पार्टी में गए थे कि दिल्ली का विकास होगा, लेकिन दिल्ली और नगर निगम में आप के शासन के बावजूद विकास नहीं हो सका। इसके बजाय केवल बयानबाजी और विवाद देखने को मिले।

सर्वसम्मति से लिया गया भाजपा में विलय का फैसला

मुकेश गोयल ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद विकास कार्यों में तेजी आई है और सभी क्षेत्रों में काम हो रहा है। इसी को देखते हुए इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी ने सर्वसम्मति से भाजपा में विलय करने का फैसला किया।

उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी 16 पार्षद भाजपा में शामिल हो गए हैं। संगठन उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपेगा, उसे निभाने के लिए वे तैयार हैं।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक आज, सीएम धामी के दिल्ली दौरे के कारण बदला टाइम