'औरत केवल बच्चा पैदा करने की मशीन नहीं', दिल्ली लक्ष्मी योजना पर CM रेखा गुप्ता ने विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली लक्ष्मी योजना पर कहा कि औरत केवल बच्चा पैदा करने की मशीन नहीं है, महिलाओं का स्वास्थ्य और गरिमा सरकार की सर्वोच्च प् ...और पढ़ें
-1786376028874_m.webp)
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता।
HighLights
सीएम रेखा गुप्ता ने महिलाओं की गरिमा पर जोर दिया।
दिल्ली लक्ष्मी योजना से 17 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ।
विधानसभा में आप विधायकों का हंगामा, छह बाहर निकाले गए।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली लक्ष्मी योजना पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि औरत केवल बच्चा पैदा करने की मशीन नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य और गरिमा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परिवार में बेटा न होने पर महिलाओं को परिवार बढ़ाने के लिए मजबूर करने वाली मानसिकता का सरकार समर्थन नहीं करती।
मुख्यमंत्री ने इस योजना को दिल्ली की सबसे बड़ी जनकल्याणकारी पहल बताते हुए कि 17 लाख महिलाओं को लाभ देने के लिए 5,100 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। तीन वर्ष के लिए निर्धारित इस याेजना के तहत अब तक 5,92,406 रजिस्ट्रेशन के बारे में बताया, कहा कि 17 लाख लाभार्थियों का लक्ष्य पूरा होने तक पोर्टल बंद नहीं होगा। उन्होंने महिलाओं के लिए पिंक कार्ड के जरिए दिल्लीवासियों को लाभ देने की बात भी कही।
विपक्ष पर हजारों करोड़ रुपये घोटाले का आरोप
मुख्यमंत्री ने विपक्ष के सदन से चले जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष सवाल पूछकर उनके जवाब से भाग गया। उन्होंने महिलाओं से जुड़े पुराने मामलों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा और पंजाब की महिला सहायता योजना पर भी सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने सत्ता में रहने के दौरान दिल्ली के हजारों करोड़ रुपये घाेटाला करने तथा नेता प्रतिपक्ष आतिशी को सदन में नहीं आने देने का भी आप पर आरोप लगाया।
महिलाओं के सामने विधायकों को मर्यादा में रहें विधायक
मुख्यमंत्री ने विपक्षी विधायकों के आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं के सामने विधायकों को मर्यादा और शालीनता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने विपक्षी सदस्यों द्वारा इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने और सदन में आपत्तिजनक इशारों का जिक्र करते हुए इसे शर्मनाक बताया।
खबरें और भी
कैबिनेट मंत्री आशीष सूद ने इसेे विपक्ष की ओछी हरकत बताया। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि वह इस मामले की जांच कराएंगे। वहीं आप के वरिष्ठ विधायक गोपाल राय ने सदन में गहत हरकत मामले में अनभिज्ञता जाहिर की। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली लक्ष्मी योजना से शर्तें हटा सभी महिलाओं को लाभ दिए जाने की मांग की है।
200 छात्राओं को वितरित कीं साइकिलें
इससे पहले मुख्यमंत्री ने ‘विद्या वाहिनी योजना’ के तहत विधानसभा परिसर में उत्तरी जिले की 200 छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कक्षा नौ की करीब 1.40 लाख छात्राओं को साइकिलें दी जाएंगी। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने इसे ऐतिहासिक पहल बताया।
टी-शर्ट और नारेबाजी को लेकर भारी हंगामा
दिल्ली विधानसभा सत्र के दौरान सदन में जमकर हंगामा देखने को मिला। आपत्तिजनक नारे लिखी टी-शर्ट पहनने और नारेबाजी करने के आरोप में आम आदमी पार्टी (आप) के छह विधायकों को मार्शल के जरिए सदन से बाहर निकाल दिया गया। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही आम आदमी पार्टी के विधायक आपत्तिजनक टी-शर्ट पहनकर पहुंचे थे।
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कार्यवाही करते हुए जरनैल सिंह, कुलदीप कुमार, प्रेम कुमार, सोम दत्त और अजय दत्त आदि को मार्शल आउट करने के आदेश दिए। सदन में आप विधायकों ने भाजपा के खिलाफ साइकिल घोटाले का आराेप लगाते हुए नारेबाजी की। आप विधायक सरकार पर इसमें घोटाले का आरोप लगाते हुए साइकिल पर सवाल होकर विधानसभा परिसर में पहुंचे हुए थे।