BJP अध्यक्ष नितिन नबीन के सुरक्षाकर्मी से साइबर ठगी, पटना से बाप-बेटा गिरफ्तार; लाखों की धोखाधड़ी का खुलासा
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के सुरक्षाकर्मी से साइबर ठगी करने वाले बाप-बेटे को पटना से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने फर्जी कस्टमर केयर नंबरों के जरिए ...और पढ़ें

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के सुरक्षाकर्मी से साइबर ठगी।
HighLights
भाजपा अध्यक्ष के सुरक्षाकर्मी से साइबर ठगी।
बाप-बेटा पटना से गिरफ्तार, फर्जी कस्टमर केयर।
दिल्ली पुलिस और पटना एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के सुरक्षाकर्मी से साइबर ठगी करने वाले बाप-बेटे को शनिवार को मध्य जिला के साइबर सेल थाना पुलिस ने पटना के जक्कनपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान मनेर के मोहरी बगीचा के रहने वाले अरविंद भारती और उसके बेटे शनि कुमार के रूप में हुई है। दोनों को रविवार को तीस हजारी कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
मध्य जिला पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपितों ने गूगल पर विभिन्न कंपनियों के नाम से फर्जी कस्टमर केयर नंबर डाल रखे थे। इसी जाल में फंसकर आरोपितों ने अन्य राज्यों के भी दर्जनों लोगों से लाखों रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। बीते फरवरी में उनकी सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने ऑनलाइन कुछ सामान मंगाया था। सामान खराब निकलने पर सुरक्षाकर्मी ने उसे वापस करने के लिए गूगल पर कंपनी का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया।
सुरक्षाकर्मी के खाते से करीब एक लाख रुपये उड़ा लिए
गूगल पर मौजूद वह नंबर असल में इन साइबर ठगों का था। फोन करने पर अरविंद भारती और उसके बेटे शनि कुमार ने अपनी बातों में फंसाकर सुरक्षाकर्मी के खाते से करीब एक लाख रुपये उड़ा लिए और उसे अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिया।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित सुरक्षाकर्मी ने मध्य जिला के साइबर सेल थाने में शिकायत दर्ज करा दी थी। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच शुरू की, तो ठगों का लोकेशन पटना के मनेर का निकला। इसके बाद सब-इंस्पेक्टर कपिल और जांच अधिकारी मनोज के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम 13 मई को मनेर पहुंची तो पता चला कि आरोपित अपना मकान बेचकर कहीं और शिफ्ट हो चुके हैं।
खबरें और भी
आरोपितों का एक पुराना मोबाइल नंबर हाथ लग गया
पुलिस की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपितों का एक पुराना मोबाइल नंबर हाथ लग गया। जिसके बाद दिल्ली पुलिस और पटना एसटीएफ ने संयुक्त रूप से उस मोबाइल नंबर को ट्रेस किया, जिससे उनका नया लोकेशन पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के करबिगहिया इलाके में मिला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर वहां से बाप-बेटे को दबोच लिया। जिसके बाद दिल्ली पुलिस दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर दिल्ली आ गई थी।