दिल्ली में 700 रुपये के विवाद में भाई को बचाने आए युवक की चाकू से हत्या, तीन गिरफ्तार
बेगमपुर इलाके में 700 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में भाई को बचाने आए 30 वर्षीय मुकेश यादव की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में घ ...और पढ़ें

दिल्ली के बेगमपुर में 700 रुपये के विवाद में भाई को बचाने आए युवक की चाकू से हत्या।
HighLights
बेगमपुर में 700 रुपये के लेनदेन पर विवाद में हत्या।
भाई को बचाने आए मुकेश यादव की चाकू से मौत।
घोषित बदमाश सचिन सहित तीन आरोपी गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बेगमपुर इलाके में महज सात सौ रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में भाई को बचाने पहुंचे 30 वर्षीय युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान भारत विहार निवासी मुकेश यादव के रूप में हुई है। वह एक लैब में काम करता था।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर घोषित बदमाश सचिन समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की पहचान पंकज और अभिषेक के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू, मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
मुकेश के कंधे पर चाकू के घाव मिले
पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने बताया कि रविवार रात अग्रवाल अस्पताल से बेगमपुर थाना पुलिस को चाकू लगने से घायल युवक के भर्ती होने की सूचना मिली थी। पुलिस अस्पताल पहुंची तो मुकेश के कंधे पर चाकू के घाव मिले। हालत गंभीर होने के कारण उसे एम्स रेफर किया गया, जहां रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने भारत विहार स्थित घटनास्थल की जांच की। सड़क पर खून के निशान मिले, जबकि क्राइम और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपितों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने ओयो होटल और लॉज में छापेमारी कर तीनों को दबोच लिया।
खबरें और भी
मुकेश के भाई सतीश ने सचिन से 700 रुपये उधार लिए थे
जांच में सामने आया कि मुकेश के भाई सतीश ने सचिन से 700 रुपये उधार लिए थे। पैसे वापस मांगने पर दोनों में विवाद हुआ। सतीश को बचाने पहुंचे मुकेश पर हाथापाई के दौरान सचिन ने चाकू से हमला कर दिया, जिसके बाद वह जख्मी हुआ।
आरोपितों में सचिन घोषित बदमाश है और उसके खिलाफ 10 मामले दर्ज हैं और इन दिनों ई रिक्शा चलाता था। पंकज व अभिषेक का आपराधिक रिकार्ड नहीं है। मृतक का भाई सतीश कबाड़ी का काम करता है।
यह भी पढ़ें- एक मामूली फोन चोरी... और ध्वस्त हो गया अंतरराज्यीय साइबर ठगी का गिरोह; कैसे मिली दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता?